Devansh Tyagi Maggi Challenge
Devansh Tyagi Maggi Challenge
आज के दौर में सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग तरह के चैलेंज करते नजर आते हैं, लेकिन दिल्ली के एक कंटेंट क्रिएटर ने ऐसा चैलेंज किया जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. दिल्ली के रहने वाले देवांश त्यागी ने पहाड़ों में एक दिन के लिए मैगी का स्टॉल लगाकर यह देखने की कोशिश की कि आखिर वहां एक साधारण डिश बेचकर कितनी कमाई हो सकती है. उनका यह चैलेंज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कैसे कमाया देवांश ने पैसे
देवांश त्यागी, जो इंस्टाग्राम पर चैलेंज बेस्ड वीडियो बनाने के लिए जाने जाते हैं, उन्होंने एक खूबसूरत पहाड़ी जगह पर अस्थायी मैगी स्टॉल लगाया. वीडियो में देखा गया कि उन्होंने ग्राहकों के बैठने के लिए प्लास्टिक की कुर्सियां और टेबल भी लगाईं. इसके बाद उन्होंने वहीं मैगी बनानी शुरू कर दी. पहाड़ों में ठंडे मौसम के बीच गर्म मैगी खाने का अलग ही मजा होता है, ऐसे में धीरे-धीरे लोग उनके स्टॉल तक पहुंचने लगे.
मैगी की कीमत सुन लोग आए
देवांश ने अपनी मैगी की कीमत भी तय कर रखी थी. उन्होंने रेगुलर मैगी की एक प्लेट 100 रुपए में बेची, जबकि बटर मैगी के लिए 120 रुपए लिए. शुरुआत के कुछ घंटों में ही स्टॉल पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ दिखाई देने लगी. रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती तीन घंटे में करीब 90 प्लेट बिक गई थीं, जिसके बाद दिनभर लोग वहां पहुंचते रहे.
झरने के पानी से बनाई मैगी को लेकर उठे सवाल
वीडियो में एक हिस्सा ऐसा भी था, जिसने लोगों के बीच बहस छेड़ दी. दरअसल, देवांश को पास के झरने से पानी लाकर उसी से मैगी बनाते हुए दिखाया गया. कुछ लोगों को यह आइडिया अलग और प्राकृतिक लगा, लेकिन कई सोशल मीडिया यूजर्स ने साफ-सफाई और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि खाने में इस्तेमाल होने वाला पानी पूरी तरह सुरक्षित था या नहीं.
24 हजार रुपए कमाने का दावा
दिनभर मैगी बेचने के बाद देवांश ने जो आंकड़ा बताया, उसने लोगों को हैरान कर दिया. कंटेंट क्रिएटर का दावा है कि उन्होंने एक ही दिन में करीब 24 हजार रुपए की कमाई की. सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों ने इसे नया बिजनेस आइडिया बताया, तो कुछ ने मजाक में कहा कि शायद अब नौकरी छोड़कर पहाड़ों में मैगी स्टॉल खोलना चाहिए.
ये भी पढ़ें