scorecardresearch

शादी करने सात समंदर पार जर्मनी से आया दूल्हा, हिंदू रीति-रिवाज से लिए 7 फेरे... विदेशी मेहमान भी रंगे भारतीय रंग में

फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद कस्बे में एक अनोखी अंतरराष्ट्रीय शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. सात समंदर पार जर्मनी से आए दूल्हे ने शहर की युवती के साथ पूरे हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचाया.

 German groom, Indian wedding ceremony German groom, Indian wedding ceremony

फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद कस्बे में एक अनोखी अंतरराष्ट्रीय शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. सात समंदर पार जर्मनी से आए दूल्हे ने शहर की युवती के साथ पूरे हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचाया. इस खास शादी को देखने और आशीर्वाद देने के लिए सैकड़ों लोग मौजूद रहे. भारतीय परंपराओं, रीति-रिवाजों और मेहमान नवाजी से प्रभावित विदेशी मेहमान भी इस समारोह में पूरी तरह भारतीय रंग में नजर आए.

दुल्हन की चाची ज्योति ने बताया कि उनकी भतीजी खुशी जयपुर में एक जर्मन कंपनी में काम करती हैं. इसी दौरान कंपनी के काम से जर्मनी निवासी गुस्ताव का जयपुर आना हुआ था. यहीं दोनों की पहली मुलाकात हुई. मुलाकात के बाद दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया. परिवार की सहमति के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया.

गुस्ताव ने बताया कि वह वर्ष 2023 में भारत घूमने आए थे. इस दौरान उन्होंने राजस्थान, दिल्ली और आगरा का भ्रमण किया. जयपुर के एक होटल में ठहरने के दौरान उनकी मुलाकात खुशी से हुई, जहां से दोनों की बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ.

भारतीय परंपराओं में रंगा दूल्हा
शादी समारोह में गुस्ताव पूरी तरह भारतीय अंदाज में नजर आए. उन्होंने शेरवानी और साफा पहनकर सात फेरे लिए और पत्नी के नाम की मेहंदी भी अपने हाथों में रचाई. वहीं दुल्हन खुशी लाल जोड़े में बेहद सुंदर लग रही थीं. विवाह की सभी रस्में विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराई गईं. शादी में शामिल विदेशी मेहमानों ने वरमाला, सात फेरे और विदाई जैसी रस्मों को बड़े उत्साह के साथ देखा और उनमें हिस्सा भी लिया. भाषा की समस्या को ध्यान में रखते हुए चार अनुवादकों की व्यवस्था की गई थी.

स्थानीय लोगों ने दिया आशीर्वाद
विदेशी मेहमानों ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं की जमकर सराहना की. गुस्ताव ने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है और यहां के लोगों ने उनका और उनके परिवार का बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया. इस खास शादी में स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं. गुस्ताव और खुशी की यह अनोखी जोड़ी अब नए जीवन की शुरुआत कर चुकी है. शिकोहाबाद में हुई यह अंतरराष्ट्रीय शादी पूरे जिले में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

(रिपोर्टर: सुधीर शर्मा)

ये भी पढ़ें: