married woman climbs mobile tower with child for lover
married woman climbs mobile tower with child for lover
गोंडा नगर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने पांच वर्षीय बच्चे के साथ करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई. भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच महिला कई घंटों तक टॉवर पर बैठी रही, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए.
सुबह 9 बजे सामने आया मामला
घटना शहर के डीएम आवास और कार्यालय के बीच, पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह के कॉलेज के पास स्थित मोबाइल टॉवर की है. सुबह करीब 9 बजे महिला अपने छोटे बच्चे के साथ टॉवर पर चढ़ गई. टॉवर की ऊंचाई और भीषण गर्मी को देखते हुए अधिकारियों की चिंता बढ़ गई. मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, सीओ सिटी आनंद राय, कोतवाली नगर पुलिस और फायर विभाग की टीम पहुंची. लाउड हेलर के जरिए महिला को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन ऊंचाई अधिक होने के कारण बात नहीं बन सकी.
मोबाइल पर हुई बातचीत, सामने आई वजह
बाद में अधिकारियों ने महिला के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया. बातचीत में महिला ने बताया कि वह तरबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है और अपने पति से अलग रहती है. उसके चार बच्चे हैं. महिला का गांव के ही राम इकबाल नामक एक शादीशुदा व्यक्ति से संपर्क था और वह उसी के साथ रहना चाहती थी. महिला का आरोप था कि उसने पहले राम इकबाल के खिलाफ शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का मामला भी दर्ज कराया था. फिलहाल राम इकबाल दिल्ली में मजदूरी करता है.
छह घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
महिला को मनाने के लिए उसके परिचितों और परिजनों से भी बात कराई गई, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई. हालात को देखते हुए अयोध्या से एसडीआरएफ टीम भी बुलाई गई. इस दौरान दो पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में पानी और बिस्कुट लेकर टॉवर पर पहुंचे और महिला व बच्चे को नीचे उतरने के लिए समझाया. लगातार बढ़ती गर्मी के कारण महिला और बच्चे की सुरक्षा प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी रही.
बातचीत के बाद मानी महिला
करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद प्रशासन ने राम इकबाल से संपर्क स्थापित किया और महिला की उससे बातचीत कराई. अधिकारियों के अनुसार, बातचीत के बाद दोनों पक्ष संतुष्ट हुए. इसके बाद एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में महिला और उसके बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. सीओ सिटी आनंद राय ने बताया कि महिला की मांग को लेकर बातचीत कराई गई थी, जिसके बाद वह संतुष्ट होकर टॉवर से नीचे उतर गई. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी.
(रिपोर्ट- आंचल श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें