scorecardresearch

राजस्थान के सिरोही में 4 साल बाद हुई झमाझम बरसात, खुशी में लोगों ने बजाए ढोल

राजस्थान के सिरोही में लगातार हो रही झमाझम बारिश ने लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है. 4 सालों के लंबे इंतजार के बाद इलाके में अच्छी बारिश हुई है जिसकी खुशी में लोग पूजा अर्चना कर रहे हैं.

Rainfall in Sirohi, Rajasthan Rainfall in Sirohi, Rajasthan
हाइलाइट्स
  • छोटे बड़े बांध हो चुके हैं ओवरफ्लो

  • आगामी 24 घंटे में दी गई है भारी बारिश की चेतावनी

राजस्थान के सिरोही जिले में अब मानसून रफ़्तार पकड़ता हुआ दिखाई दे रहा है. जिले के तकरीबन सभी छोटे बड़े तालाब, एनिकट और बांध भर गए हैं. माउंट आबू में झरने तेज गति से बह रहे हैं. अर्बुदांचल की बरसाती नदियां भी उफान पर है. जिला प्रसाशन ने आगामी 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है.

खुशी में बजाए ढोल

भादो महीने की शुरुआत होते ही मानसून ने जिले में अपना रंग जमाना शुरू कर दिया है. बांध पानी से पूरी तरह भर गए हैं. बता दें कि बीते 4 सालों के लंबे इंतजार के बाद लोगों को इलाके में अच्छी बारिश देखने को मिल रही है. यही वजह है कि कई जगहों पर तो लोग बरसाती नदियों और बांधों के किनारे ढोल ताशों के साथ पूजा अर्चना करते देखे जा रहे हैं.

Rainfall

2017  के बाद हुई अच्छी बारिश

साल 2017  के बाद इलाके में यह अब तक की अच्छी बारिश मानी जा रही है. इस बारिश ने बीते 2 साल से अकाल जैसी स्थिति का सामना कर रहे इलाके के लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी है. लोगों को उम्मीद है कि मानसून की यह मेहरबानी उन्हें पेयजल की किल्लत और खेती में पानी के संकट से निजात दिलाएगी. 

Rainfall

कहां कितनी बारिश हुई

जिले में सबसे ज्यादा 7  इंच बारिश माउंट आबू में दर्ज की गई है. आबूरोड में 5 इंच, पिंडवाड़ा में 4 इंच, रेवदर में 3 इंच, सिरोही में 2 इंच व शिवगंज में 4 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है. वहीं जिले के कई छोटे बड़े बांध ओवरफ्लो हो चुके हैं तो कई बांध ओवरफ्लो होने के कगार पर है.

(राहुल त्रिपाठी की रिपोर्ट)