Gwalior love marriage
Gwalior love marriage
ग्वालियर में छोटे भाई के प्रेम विवाह की सजा बड़े भाई को अपना मकान तुड़वाकर चुकानी पड़ी. छोटे भाई ने समाज की लड़की को भगाकर लव मैरिज कर ली थी, जिससे नाराज लड़की के परिजनों ने लड़के के भाइयों के घर पर जेसीबी से हमला कर दिया. हमलावरों ने तीन कमरों और आंगन पर जेसीबी चलाकर पूरा घर तोड़ दिया. जैसे-तैसे घर के लोग अपनी जान बचाकर वहां से भाग गए. घटना घाटीगांव थाना क्षेत्र के घेघोली गांव की है.
घटना के बाद डरे-सहमे परिजन पांच महीने तक यहां-वहां भटकते रहे. अब गांव लौटने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्रेम विवाह से नाराज हुआ लड़की का परिवार
घाटीगांव थाना क्षेत्र के घेघोली गांव निवासी 38 वर्षीय वनिया सिंह गुर्जर ने घाटीगांव थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि उनके छोटे भाई रामलखन सिंह गुर्जर ने पास के गांव सिरोली निवासी गिर्राज सिंह गुर्जर की बेटी किरन गुर्जर के साथ भागकर शादी कर ली थी. दोनों ने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया था, लेकिन यह बात लड़की के पिता गिर्राज गुर्जर को स्वीकार नहीं हुई.
देर रात जेसीबी से तोड़ा मकान
शिकायत के अनुसार 9 सितंबर 2025 की देर रात लड़की के पिता गिर्राज गुर्जर किसी की जेसीबी लेकर सिरोली के भूपेन्द्र गुर्जर, सिद्धार्थ गुर्जर और भारत गुर्जर के साथ घेघोली गांव पहुंचे और गालियां देने लगे. जब उन्हें गालियां देने से रोका गया तो उन्होंने गांव के अन्य साथियों को बुला लिया. इसके बाद आरोपियों ने जेसीबी से तीन कमरों का मकान और आंगन को घर के सामान सहित तोड़ दिया. घटना के दौरान परिवार के लोग जान बचाकर वहां से भाग निकले.
पांच महीने तक डर में रहा परिवार
घटना के बाद वनिया सिंह और उनके परिवार के लोग दहशत में गांव छोड़कर चले गए. आरोपियों के डर के कारण वे पुलिस तक नहीं पहुंच सके. हालांकि पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ले चुकी थी और परिवार को थाने बुला रही थी, लेकिन परिवार डर के कारण सामने नहीं आ रहा था.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
करीब पांच महीने बाद पीड़ित परिवार गांव लौटा और पुलिस से शिकायत की. इसके बाद घाटीगांव थाना पुलिस ने मंगलवार को आरोपी गिर्राज गुर्जर और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया.
इस मामले में CSP रोबिन जैन ने बताया कि घटना पांच महीने पहले की है. फरियादी पक्ष डरा हुआ था और अब थाने पहुंचा है. घटना सही पाई गई है, इसलिए मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है.
(रिपोर्ट- सर्वेश पुरोहित)
ये भी पढ़ें