तबेले में स्टॉक कर बेची जा रही थी सिलेंडर
तबेले में स्टॉक कर बेची जा रही थी सिलेंडर
पूरे देश में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी हो रही है. सरकार ने कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडरों पर रोक लगा दी है. आम आदमी सिलेंडरों की लाइन में लग रहा है. इसी बीच राजस्थान के कोटपूतली बहरोड जिले में रसद विभाग की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली. एक घर में भैसों के तबेले में गैस एजेंसी संचालित मिली. यहां से रसद विभाग की टीम ने 106 भरे हुए और 95 खाली कमर्शियल गैस सिलेंडर जप्त किए हैं. अवैध रूप से घर से सिलेंडरों को भरकर ब्लैक में बेचने का काम चल रहा था.
106 भरे हुए और 95 खाली कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए
कोटपूतली क्षेत्र के श्यामनगर स्थित झमिला वाली ढाणी में रसद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित गैस एजेंसी का खुलासा किया है. यह कार्रवाई डीएसओ शशिशेखर शर्मा के नेतृत्व में की गई. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 106 भरे हुए और 95 खाली कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए. जांच के दौरान सामने आया कि "गुंजन गैस एजेंसी" नाम से संचालित यह एजेंसी गैस प्वाइंट पेट्रोलियम लिमिटेड कंपनी से जुड़ी बताई जा रही थी, लेकिन इसके पास आवश्यक दस्तावेज नहीं थे. कार्रवाई के दौरान प्रोपराइटर मदन सैनी मौके पर मौजूद मिला.
बिना लाइसेंस भंडारण करना गैरकानूनी
उसने बताया कि एजेंसी का कोई अधिकृत गोदाम नहीं है और संचालन घर से ही किया जा रहा था. जांच में यह भी सामने आया कि संचालक के पास लेटर ऑफ इंडेंट और PESO (Petroleum and Explosives Safety Organization) का लाइसेंस नहीं था, जो कि गैस भंडारण और वितरण के लिए अनिवार्य होता है. इस दौरान प्रवर्तन अधिकारी पुष्पेंद्र चौधरी और प्रवर्तन निरीक्षक विश्राम गुर्जर भी टीम के साथ मौजूद रहे. डीएसओ शशिशेखर शर्मा ने बताया कि एलपीजी को लेकर सरकार की सख्त गाइडलाइन हैं और बिना लाइसेंस इस तरह का भंडारण करना गंभीर उल्लंघन है. सूचना मिलने पर टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और सिलेंडरों को जब्त किया.
भैंस के तबेले में चल रही थी गैस एजेंसी
फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण जिला कलेक्टर न्यायालय में पेश किया जाएगा. रसद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एक भैंस के तबेले में गैस एजेंसी चल रही थी. इसकी सूचना मिलने पर इसका सत्यापन करवाया गया. इस दौरान एजेंसी के पास कोई दस्तावेज नहीं मिली. इस पर दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया गया. यहां पर एक गैस सिलेंडर से भरी हुई गाड़ी मिली है. जिसे जप्त कर लिया गया है. बिना कन्वर्जन के एक घर के अंदर भैंसों की तबेले में गैस एजेंसी संचालित मिली. लंबे समय से गैस एजेंसी चल रही है. इसकी रिपोर्ट बनाकर जिला कलेक्टर को दी जाएगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी.
रिपोर्ट- हिमांशु शर्मा
ये भी पढ़ें: