scorecardresearch

Himachal Rain Alert: हिमाचल में 4 सितंबर तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट, भूस्खलन से तबाही, 60 सड़कें बंद, यातायात प्रभावित

हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन से 60 सड़कें, 11 ट्रांसफार्मर और 39 पेयजल योजनाएं ठप हो गई हैं. परवाणू समेत कई क्षेत्रों में जलभराव के बीच मौसम विभाग ने 4 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है.

Advertisement
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर जारी है. नदी-नाले पूरे उफान पर हैं और कई जगह सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं. वहीं, सड़कों पर भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर आ गए हैं, जिससे कई जगह सड़कों का नामोनिशान तक गायब हो गया है. इस वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई जगह हालात ऐसे हैं कि लोग अपनी जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करने को मजबूर हैं.

परवाणू में तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश
बीते तीन दिनों से सोलन के परवाणू में भारी बारिश हो रही है. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते यहां हालात काफी बिगड़ गए हैं. जगह-जगह भारी जलभराव देखने को मिल रहा है और बारिश ने तबाही का मंजर खड़ा कर दिया है. कई जगह पानी का बहाव इतना तेज है कि जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है. इसके बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करने को मजबूर हैं. सड़कों पर पानी और मलबे की वजह से लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं.

कई जिलों में बारिश से जनजीवन प्रभावित
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को कई क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित रहा. राजधानी शिमला के साथ-साथ सोलन, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, बिलासपुर और अन्य जिलों में भी बारिश हुई. प्रदेश में मंगलवार शाम तक 60 सड़कें, 11 बिजली ट्रांसफार्मर और 39 पेयजल योजनाएं प्रभावित रहीं. बारिश की वजह से कई जगह आवागमन और जरूरी सेवाओं पर भी असर पड़ा है.

4 सितंबर तक बारिश से राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में 4 सितंबर तक बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. यानी आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर में यलो अलर्ट
2 सितंबर को कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, 3 सितंबर को कांगड़ा और सिरमौर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. 4 सितंबर को भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. उसके बाद थोड़ी राहत मिलने की लोगों को उम्मीद है.

ये भी पढ़ें