scorecardresearch

Online Shopping Fraud: सावधान! कहीं आप भी तो नहीं कर रहे सामान ऑडर? Amazon डिलीवरी के नाम पर इंदौर में बड़ा खेल, Apple प्रोडक्ट्स निकालकर बॉक्स में भर देते थे डमी, ऐसे हुआ खुलासा

मध्य प्रदेश के इंदौर में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले एक हाईटेक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है.

ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड का खुलासा ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड का खुलासा

इंदौर में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर एक बड़े ठगी गिरोह का खुलासा हुआ है. चंदन नगर पुलिस ने करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि फर्जीवाड़े में डिलीवरी सिस्टम से जुड़े लोग भी शामिल पाए गए. पूरा मामला तब सामने आया जब Amazon के डिलीवरी पार्टनर 'NTEX' कंपनी को अपने स्टॉक में लगातार गड़बड़ी नजर आने लगी. स्टॉक मिलान के दौरान महंगे प्रोडक्ट्स की कमी मिलने पर कंपनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू की गई.

डिलीवरी के दौरान बदल दिया जाता था सामान
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से इस ठगी को अंजाम दे रहा था. डिलीवरी बॉय दीपक मोहेर और प्रवीण सिंह इस पूरे रैकेट में शामिल थे और वे जयपुर के मास्टरमाइंड रितिक गुप्ता के साथ मिलकर काम कर रहे थे. आरोपी खास तौर पर Apple कंपनी के महंगे प्रोडक्ट्स जैसे आईपॉड और एप्पल पेंसिल ऑर्डर करते थे.

डिलीवरी के दौरान असली सामान को निकाल लिया जाता था और उसकी जगह नकली या डमी प्रोडक्ट्स पैक कर दिए जाते थे. इसके बाद ऑर्डर को सिस्टम में रिजेक्ट या डिलीवर न होने की स्थिति में दिखा दिया जाता था, ताकि किसी को तुरंत शक न हो.

वर्चुअल नंबर और फर्जी आईडी से छिपाई पहचान
गिरोह ने अपनी पहचान छिपाने के लिए भी पूरा इंतजाम कर रखा था. पुलिस के मुताबिक आरोपी 5 SIM वेबसाइट से वर्चुअल नंबर लेकर फर्जी आईडी बनाते थे. इन नंबरों का इस्तेमाल ऑर्डर बुक करने और ट्रैकिंग सिस्टम से बचने के लिए किया जाता था. इस तरीके से वे अपनी असली पहचान को पूरी तरह छिपाकर रखते थे, जिससे लंबे समय तक यह फ्रॉड पकड़ में नहीं आया.

जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए असली प्रोडक्ट्स को बस के जरिए जयपुर भेजा जाता था. वहां से इन्हें आगे दिल्ली के करोल बाग में बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था. इससे साफ है कि यह कोई छोटा फर्जीवाड़ा नहीं, बल्कि कई शहरों में फैला एक संगठित गिरोह था.

मास्टरमाइंड गिरफ्तार, पूछताछ जारी
तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रेल के आधार पर चंदन नगर पुलिस ने जयपुर में दबिश देकर इस पूरे गिरोह के मास्टरमाइंड रितिक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह से जुड़े और भी बड़े नाम और नए खुलासे जल्द सामने आ सकते हैं.


(रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार शर्मा)

ये भी पढ़ें