6 से 12 अक्टूबर 2026 में फिर होगी बारिश
6 से 12 अक्टूबर 2026 में फिर होगी बारिश
जहां एक तरफ दिल्ली समेत उत्तर, उत्तर-पूर्व, नॉर्थ-ईस्ट, और वेस्ट के तरफ से मानसून साफ होता दिखाई दे रहा था, वहीं अब मौसम विभाग ने बारिश की नई चेतावनी जारी कर दी है. खास करके दिल्ली समेत, वेस्ट यूपी, हरियाणा और पंजाब वालों के लिए अच्छी खबर है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 6 से 12 अक्टूबर के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर बना रहेगा. इस दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है. अलग-अलग इलाकों में मौसम प्रणालियों के असर से बारिश की स्थिति बनी रहेगी. जहां गर्मी और उमस से परेशानी बढ़ रही थी, वहीं अब मौसम का ये रूख राहत बनकर आ सकता है. जिसके बाद तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है और ठंड का आगाज हो सकता है. वहीं बाढ़ प्रभावित इलाकों में बारिश के परेशानी भी बढ़ सकती है.
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में बारिश
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 6 से 12 अक्टूबर के बीच कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. 6 और 7 अक्टूबर को इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटे और झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 8 और 9 अक्टूबर को दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार और झोंकों के साथ 50 किमी प्रति घंटे तक हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ बारिश का दौर भी रहेगा.
उत्तर प्रदेश और राजस्थान का मौसम
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 से 9 अक्टूबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 से 10 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 से 8 अक्टूबर के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं की भी संभावना है. हालांकि ऐसे में बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. बारिश परेशानी बढ़ा सकती है. 8 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ थोड़ी बहुत बारिश हो सकती है. 6 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है.
वहीं पश्चिमी राजस्थान में 11-12 अक्टूबर और पूर्वी राजस्थान में 12 अक्टूबर को कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और हल्की ठंड की शुरूआत हो सकती है.
बिहार, झारखंड और बंगाल में बारिश
बिहार और झारखंड में 6 से 10 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. खास कर झारखंड और बिहार से सटे इलाकों में इसका प्रभाव ज्यादा रहेगा. बिहार में 6-7 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि 8-9 अक्टूबर को भी तेज हवाएं चल सकती हैं.
ओडिशा में 6 से 12 अक्टूबर तक बारिश का दौर रह सकता है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में बारिश होगी. 8 अक्टूबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है.
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश और आंधी
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 6 अक्टूबर को कई जगह बारिश हो सकती है. 7 से 12 अक्टूबर के बीच भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 से 12 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.
6-7 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार और बारिश के झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश में 8-9 अक्टूबर और उत्तराखंड में 7-10 अक्टूबर को भी तेज हवाओं की संभावना है. इन हवाओं के साथ सर्द महसूस हो सकती है.
मध्य और पूर्वोत्तर भारत में भी असर
पूर्वी मध्य प्रदेश में 6-9 अक्टूबर, विदर्भ में 6 अक्टूबर और छत्तीसगढ़ में 6-10 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. 6-7 अक्टूबर को पूर्वी मध्य प्रदेश, 6 अक्टूबर को विदर्भ और 6-8 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में गरज-चमक की संभावना है. 6 अक्टूबर को पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है.
अरुणाचल प्रदेश में 6-11 अक्टूबर, असम-मेघालय में 6-10 अक्टूबर और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में 6-12 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है. 6 अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में तथा 6-7 अक्टूबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है.
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर
दक्षिण भारत में भी कई राज्यों में बारिश जारी रहेगी. केरल और माहे में 6 से 11 अक्टूबर तक कई जगह बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 6-12 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बारिश की संभावना है.
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 6-10 अक्टूबर तक गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. 6 अक्टूबर और 8-10 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की संभावना है. केरल और माहे में 6 तथा 9-10 अक्टूबर को और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 6 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है.
ये भी पढ़ें