scorecardresearch

Jaipur Hotel Murder Case: जयपुर में शराब पार्टी के बाद दोस्त की हत्या, YouTube पर खोजते रहे पुलिस से बचने के तरीके, खाटूश्याम मंदिर से हुए गिरफ्तार

जयपुर के होटल में युवक की हत्या के बाद आरोपी YouTube पर पुलिस से बचने के तरीके खोजते रहे. CCTV, तकनीकी जांच और मुखबिर की मदद से पुलिस ने दोनों को दौसा से गिरफ्तार कर लिया है.

Jaipur Hotel Murder Case Jaipur Hotel Murder Case

जयपुर के बिंदायका इलाके में होटल के कमरे में मिली युवक की लाश के सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया कि दोनों आरोपियों ने हत्या करने के तरीके ही नहीं, बल्कि हत्या के बाद पुलिस से कैसे बचा जाए, इसकी जानकारी भी YouTube पर तलाश की थी. इसके बावजूद उनकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चली और पुलिस ने दोनों को दौसा से गिरफ्तार कर लिया.

होटल के कमरे में मिला था युवक का शव
डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि 25 जुलाई 2026 को बिंदायका स्थित श्री होटल, सीवाड़ मोड़ के एक कमरे में युवक दिनेश उर्फ दर्शन का शव मिला था. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध हत्या का लगा. होटल रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि मृतक अपने दो साथियों, संजय कुमार कसोटिया और नितेश गवारिया, के साथ होटल में रुका था, लेकिन वारदात के बाद दोनों गायब थे. उनके मोबाइल भी बंद मिले, जिसके बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर तलाश शुरू की.

300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने करीब 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. होटल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और टोल प्लाजा पर भी जांच की गई. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दौसा में दोनों संदिग्धों को दबोच लिया. पूछताछ में दोनों टूट गए और हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली. जांच में सामने आया कि मृतक को पैसों की जरूरत थी. इसी सिलसिले में तीनों होटल पहुंचे थे. रात में शराब पार्टी हुई, लेकिन पार्टी का खर्च कौन उठाएगा, इसे लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर मृतक के गले में पड़े दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया. हत्या के बाद दोनों होटल से फरार हो गए.

हत्या के बाद YouTube पर खोजते रहे बचने के तरीके
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन फ्लाइट मोड पर डाल दिए. मृतक का मोबाइल लेकर उसकी सिम तोड़ दी, ताकि पुलिस तक कोई सुराग न पहुंच सके. इसके बाद दौसा के एक होटल में रुककर वाई-फाई के जरिए YouTube पर लगातार यह खोजते रहे कि हत्या के बाद पुलिस से कैसे बचें, पुलिस किन तरीकों से आरोपियों तक पहुंचती है और ऐसे मामलों में कितनी सजा होती है. इतना ही नहीं, दोनों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात भागने की योजना भी बना ली थी.

खाटूश्याम मंदिर भी पहुंचे, फिर गिरफ्तार हुए आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फरारी के दौरान दोनों आरोपी सीकर स्थित खाटूश्याम मंदिर भी पहुंचे. वहां दर्शन करने के बाद वे वापस दौसा लौट आए और दूसरे राज्य भागने की तैयारी करने लगे. लेकिन पुलिस की लगातार निगरानी, तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते दोनों की योजना धरी की धरी रह गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नशे के आदी बताए जा रहे हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.
 

ये भी पढ़ें