शादीशुदा प्रेमिका से रात के अंधेरे में मिलने पहुंचा प्रेमी
शादीशुदा प्रेमिका से रात के अंधेरे में मिलने पहुंचा प्रेमी
बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बड़ा ही अजब-गजब मामला सामने आया है, जहां एक शादीशुदा प्रेमी रात के अंधेरे में अपनी पुरानी प्रेमिका से मिलने पहुंचा. इस बीच ग्रामीणों ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद पंचायत बुलाई गई और जो फैसला लिया गया हैरान कर देने वाला था. चलिए आपको पूरी कहानी बताते हैं.
दरअसल, खगड़िया जिले की रहने वाली अनुराधा कुमारी की करीब 10 साल पहले ताजपुर थाना क्षेत्र के चकपहाड़ निवासी पन्ना लाल यादव से मुलाकात हुई थी. उस समय पन्ना लाल एक स्कूल में पढ़ाते थे और अनुराधा वहीं पढ़ने जाती थी. इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया. बाद में परिवार वालों ने पन्ना लाल की शादी किसी दूसरी महिला से करा दी. इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत जारी रही.
कुछ समय बाद अनुराधा ने सिंघिया खुर्द स्थित एक नर्सिंग कॉलेज में दाखिला लिया. यहां उसकी मुलाकात कॉलेज कर्मी मनोहर कुमार से हुई और दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे. करीब छह महीने पहले दोनों ने शादी कर ली और अनुराधा अपने ससुराल में रहने लगी.
रंगे हाथ पकड़ने के बाद पंचायत ने सुनाया फैसला
बताया जा रहा है कि अनुराधा और पन्ना लाल फिर से मिलने लगे थे. इसकी जानकारी अनुराधा के पति और उसके परिवार को लग गई. जिसके बाद दोनों को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई. इसी बीच एक रात पन्ना लाल अनुराधा से मिलने उसके ससुराल पहुंच गया. ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और अगले दिन पंचायत बुलाई गई. लोगों को उम्मीद थी कि पंचायत दोनों को अलग रहने की सलाह देगी, लेकिन फैसला बिल्कुल अलग निकला. पंचायत ने दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया. बताया जाता है कि अनुराधा के पति ने भी इस पर सहमति जताई. इसके बाद पंचायत में ही पन्ना लाल से अनुराधा की मांग में सिंदूर भरवाया गया और मंगलसूत्र पहनाया गया. बाद में एक वीडियो भी बनाया गया, जिसमें दोनों से उनकी सहमति पूछी गई.
पहली पत्नी और कानून को लेकर उठे सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बहस छिड़ गई है. पन्ना लाल पहले से शादीशुदा हैं और उनकी पहली पत्नी के साथ एक बेटी और एक बेटा भी है. ऐसे में पंचायत द्वारा दूसरी शादी कराना कितना उचित है, इस पर सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि पहली शादी कानूनी रूप से समाप्त नहीं हुई है, तो दूसरी शादी कानून के दायरे में विवाद का विषय बन सकती है. वहीं, अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पन्ना लाल की पहली पत्नी और उसके अधिकारों का क्या होगा. फिलहाल इस मामले पर पंचायत के पास कोई स्पष्ट जवाब नहीं है.
ये भी पढ़ें: