jamshedhpur
jamshedhpur
जमशेदपुर में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवती पर शादी का झांसा देकर युवक और उसके परिवार का भरोसा जीतने के बाद लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार होने का आरोप लगा है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवती से पूछताछ की जा रही है.
मामला जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर, गरुड़बासा का है. यहां रहने वाले निखिल सिंह की मुलाकात पूजा पांडेय नाम की युवती से हुई थी. पूजा शहर के एक पीजी में रह रही थी. बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और युवती ने निखिल से शादी करने का भरोसा दिलाया. धीरे-धीरे दोनों के बीच विश्वास बढ़ गया और पूजा का निखिल के घर आना-जाना भी शुरू हो गया.
जनेऊ कार्यक्रम में शामिल होकर जीता परिवार का भरोसा
इसी बीच निखिल के घर जनेऊ संस्कार का कार्यक्रम आयोजित हुआ, इस कार्यक्रम में पूजा भी शामिल होने पहुंची. कार्यक्रम के दौरान वह घर के सभी लोगों से घुल-मिल गई और परिवार के लोगों का विश्वास जीत लिया. निखिल का कहना है कि भरोसे के कारण उसने अपनी अलमारी की चाबी भी पूजा को दे दी थी.
अलमारी से जेवर और नकदी गायब
बताया जा रहा है कि 6 मार्च को जनेऊ कार्यक्रम खत्म होने के बाद निखिल की बुआ को घर लौटना था. उन्हें अपनी अलमारी से मंगलसूत्र निकालना था, इसलिए निखिल ने पूजा से चाबी मांगी. आरोप है कि पूजा बार-बार किसी न किसी बहाने से चाबी देने में टालमटोल करती रही. जब शक बढ़ा तो अलमारी की जांच की गई. जांच के दौरान पता चला कि अलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवरात और कुछ नकदी गायब हैं.
पहले से शादीशुदा होने का भी खुलासा
मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पूजा पांडेय पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं. आरोप है कि वह युवकों को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देती है और मौका मिलने पर उनके घर से कीमती सामान लेकर फरार हो जाती है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं युवती ने पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम तो नहीं दिया है.
रिपोर्टर: अनुप सिन्हा
ये भी पढ़ें: