scorecardresearch

आज से शुरू होगी जेवर एयरपोर्ट पर सेवा, पहली उड़ान में 172 किसान करेंगे सफर, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से होगी मुलाकात

जेवर एयरपोर्ट की पहली कमर्शियल फ्लाइट में वे 172 किसान सफर कर रहे हैं, जिन्होंने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए अपनी जमीनें दी थीं. ये पहले किसानों के योगदान को सम्मानित करने के लिए किया गया है.

CM योगी का तोहफा, पहली उड़ान में 172 किसान कर रहे सफर CM योगी का तोहफा, पहली उड़ान में 172 किसान कर रहे सफर

उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से 15 जून को वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं की औपचारिक शुरुआत हो गई है. एयरपोर्ट से सबसे पहली कमर्शियल फ्लाइट संचालित करने का जिम्मा इंडिगो एयरलाइंस को मिला है. यह सिर्फ एयरपोर्ट संचालन की शुरुआत नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर की हवाई कनेक्टिविटी के लिए भी एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

पहली उड़ान में शामिल होंगे जमीन देने वाले किसान
उद्घाटन के मौके को खास बनाने के लिए पहली वाणिज्यिक उड़ान में 172 किसान सफर करेंगे. ये वही किसान हैं जिन्होंने जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी जमीन दी थी. जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह भी उनके साथ रहेंगे. लखनऊ पहुंचने के बाद सभी किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनका आभार जताएंगे. किसानों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से यह विशेष पहल की गई है.

ऐसा रहेगा उद्घाटन उड़ानों का पूरा शेड्यूल
रिपोर्ट्स के मुताबिक एयरपोर्ट की पहली उद्घाटन उड़ान सुबह 7:05 बजे लखनऊ से रवाना होकर 8:05 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी. इसके बाद यही विमान सुबह 8:35 बजे नोएडा से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा और 11:05 बजे वहां पहुंचेगा.

वापसी में इंडिगो की फ्लाइट दोपहर 3:45 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर शाम 6:20 बजे नोएडा पहुंचेगी. इसके बाद विमान शाम 6:55 बजे नोएडा से लखनऊ के लिए रवाना होगा और रात 8:00 बजे राजधानी पहुंचेगा. 

पश्चिमी यूपी को मिलेगा बड़ा एविएशन हब
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों के लिए एक बड़े एविएशन और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित किया गया है. एयरपोर्ट शुरू होने से यात्रियों को बेहतर हवाई सुविधाएं मिलेंगी, वहीं व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है.

पहले नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली जाना पड़ता था, जिसमें बहुत टाइम जाता था. हालांकि अब जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से आस-पास रहने वाले लोगों का टाइम तो बचेगा ही, साथ ही ये उत्तर प्रदेश को आर्थिक उड़ान में योगदान भी देगा.

16 से ज्यादा शहरों से जुड़ेगा जेवर एयरपोर्ट
इंडिगो ने संकेत दिए हैं कि आने वाले चरणों में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के 16 से अधिक प्रमुख शहरों से जोड़ा जाएगा. इनमें बेंगलुरु, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, अमृतसर, चंडीगढ़, धर्मशाला, श्रीनगर, नवी मुंबई और कई अन्य शहर शामिल हैं. इससे उत्तर प्रदेश की हवाई संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी.

निवेश और विकास को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट के संचालन से न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि यह क्षेत्र निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों का केंद्र भी बनेगा. एयरपोर्ट के शुरू होने के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश देश के तेजी से विकसित हो रहे विमानन नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है.

ये भी पढ़ें