Kanpur Crime News
Kanpur Crime News
एक कहावत है- 'चोर की दाढ़ी में तिनका.' कानपुर में 30 किलो चांदी की चोरी के मामले में यह कहावत उस वक्त सच साबित होती नजर आई, जब एक व्यक्ति ने खुद ही कोर्ट में अर्जी लगाकर पूछा कि क्या वह चोरी के मामले में वांटेड है. उसकी इस अर्जी के बाद पुलिस का शक गहराया और पूछताछ में पूरी कहानी सामने आ गई. पुलिस ने आरोपी सुधांशु अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसके बाद उसकी निशानदेही पर शहर के मशहूर मॉर्निंग वॉक बाग में जमीन में दबाकर रखी गई चांदी की सिल्लियां बरामद की गईं.
सर्राफ के घर से चोरी हुई थी चांदी
कानपुर के फीलखाना इलाके में रहने वाले किशोर सिंह की चौक सराफा में ज्वेलर्स की दुकान है. 12 सितंबर को वह अपनी बेटी की परीक्षा दिलाने के लिए परिवार के साथ बाहर गए थे. घर की तिजोरी में 30 किलो चांदी और 75 हजार रुपये रखे थे. 18 सितंबर को जब तिजोरी देखी गई तो चांदी और रुपये दोनों गायब थे. इसके बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई और पुलिस ने जांच शुरू की. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो एक युवक झोला लेकर जाता हुआ दिखाई दिया, लेकिन उसकी सही पहचान नहीं हो पा रही थी.
कोर्ट में अर्जी लगाते ही पुलिस को हुआ शक
पुलिस इस मामले में कई टीम बनाकर जांच कर रही थी. इसी दौरान इलाके के रहने वाले सुधांशु अग्रवाल नाम के एक व्यक्ति ने कोर्ट में अर्जी लगाई कि क्या वह इस चोरी के मामले में वांटेड है. अदालत ने इस मामले में पुलिस से आख्या मांगी. यहीं से पुलिस का शक सुधांशु पर गहरा गया. पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान उसने चोरी की पूरी बात पुलिस को बता दी.
जमीन में दबा दी थीं चांदी की सिल्लियां
पूछताछ के बाद सुधांशु पुलिस को उस जगह पर लेकर गया, जहां उसने चांदी की सिल्लियां छिपाई थीं. शहर के बाग में पेड़ों के बीच जमीन खोदकर चांदी को दबाया गया था. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चांदी बरामद कर ली. पुलिस के मुताबिक, चोरी की गई 30 किलो चांदी में से 22 किलो चांदी बरामद हुई है. वहीं, चोरी हुए पैसों की बरामदगी नहीं हो सकी है. बाकी माल की बरामदगी के लिए पुलिस जांच कर रही है.
आरोपी असिस्टेंट कंप्यूटर इंजीनियर है
डीसीपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि सर्राफ के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही थी. कोर्ट से सुधांशु के बारे में आख्या मांगे जाने के बाद उससे पूछताछ की गई और पूछताछ में पूरा मामला खुल गया. पकड़ा गया आरोपी सुधांशु अग्रवाल असिस्टेंट कंप्यूटर इंजीनियर है. पुलिस अब चोरी के बाकी माल और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें