scorecardresearch

दिल्ली को मिली नई सौगात, बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर से सफर होगा आसान... अमित शाह ने किया उद्घाटन, लोगों को मिली बेहतर कनेक्टिविटी

दिल्ली-नोएडा में रहने वाले कई लोगों के लिए एक खुशखबरी है. दरअसल अब एम्स तक जाने वाला सफर काफी आसान हो चुका है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बारापुला फेज-3 कॉरिडोर का उद्घाटन कर दिया गया है. जिससे पहले के मुकाबले दक्षिण दिल्ली तक पहुंचने का सफर का समय काफी कम हो जाएगा.

Advertisement
अमित शाह ने बारापुला फेज-3 का उद्घाटन किया (Photo-ANI) अमित शाह ने बारापुला फेज-3 का उद्घाटन किया (Photo-ANI)

दिल्ली-नोएडा से साउथ दिल्ली जाने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया. इस कॉरिडोर के शुरू होने से पूर्वी दिल्ली, नोएडा और दक्षिणी दिल्ली के बीच सड़क से सफर करना आसान होगा. साथ ही कई अन्य रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है.

मयूर विहार से सराय काले खां तक आसान कनेक्टिविटी

बारापुला फेज-3 कॉरिडोर पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 को सराय काले खां से जोड़ता है. यहां से AIIMS और दक्षिणी दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को सीधा रास्ता मिलेगा. इस नए मार्ग का फायदा खास तौर पर नोएडा, मयूर विहार और पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली जाने वाले यात्रियों को होगा.

इस कॉरिडोर के चालू होने से मयूर विहार से AIIMS तक का सफर पहले के मुकाबले काफी कम समय में पूरा हो सकेगा. पहले ट्रैफिक के कारण इस रास्ते पर लंबा समय लग जाता था. अब सिग्नल कम होने से यात्रियों को जाम में कम समय बिताना पड़ेगा.

2014 में मिली थी मंजूरी, 9 साल की देरी

बारापुला फेज-3 प्रोजेक्ट को साल 2014 में मंजूरी मिली थी. इसका निर्माण 2015 में शुरू हुआ और इसे 2017 तक पूरा करने की योजना थी. लेकिन कई तरह की परेशानियों और काम में देरी के कारण यह प्रोजेक्ट समय पर पूरा नहीं हो सका. करीब 9 साल की देरी के बाद अब इसका काम पूरा हुआ है.

इस प्रोजेक्ट की संशोधित लागत करीब 1,635 करोड़ रुपए बताई गई है. पहले योजना मयूर विहार से सराय काले खां तक करीब 11 किलोमीटर के एलिवेटेड कॉरिडोर की थी.

साइकिल और पैदल चलने वालों के लिए भी सुविधा

बारापुला फेज-3 में केवल गाड़ियों के लिए ही सुविधा नहीं है. कॉरिडोर में साइकिल चलाने वालों के लिए अलग ट्रैक बनाया गया है. पैदल चलने वालों के लिए भी अलग लेन दी गई है. इससे सुबह की सैर करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी. यमुना के ऊपर बने हिस्से में खास डिजाइन और शीशे की रेलिंग का इस्तेमाल किया गया है.

दिल्ली के ट्रैफिक पर क्या होगा असर?

बारापुला फेज-3 के शुरू होने से पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी. नोएडा और आसपास के इलाकों से AIIMS तथा दक्षिणी दिल्ली जाने वाले लोगों को भी नया रास्ता मिलेगा. इससे रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों का समय बचने और कुछ प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है.