Kota International Cricket Stadium
Kota International Cricket Stadium
राजस्थान का कोटा अब खेलों के क्षेत्र में बड़ी पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है. जयपुर और जोधपुर के बाद अब कोटा प्रदेश का तीसरा शहर बनने जा रहा है, जहां अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम तैयार किया जाएगा. कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) ने करीब 135 करोड़ रुपए की लागत से जेके पवेलियन क्रिकेट स्टेडियम को वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से विकसित करने की योजना तैयार कर ली है. परियोजना का टेंडर जारी हो चुका है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद 21 महीने के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
21 महीने में तैयार होगा नया स्टेडियम
इस परियोजना के पूरा होने के बाद कोटा में रणजी ट्रॉफी और अन्य राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता खुलेगा. भविष्य में आवश्यक मानकों और स्वीकृतियों के बाद यहां आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी की संभावनाएं भी बनेंगी. फिलहाल इस स्तर की सुविधा केवल जयपुर और जोधपुर में उपलब्ध है.
ओम बिरला की घोषणा पर शुरू हुआ काम
कुछ समय पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा-बूंदी को स्पोर्ट्स हब बनाने के उद्देश्य से जेके पवेलियन को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी. अब उसी दिशा में कोटा विकास प्राधिकरण ने 135 करोड़ रुपए की परियोजना का टेंडर जारी कर प्रक्रिया शुरू कर दी है. KDA आयुक्त बचनेस कुमार अग्रवाल के अनुसार 30 तारीख को टेंडर खोले जाएंगे. इसके बाद वर्क ऑर्डर जारी होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा और 21 महीने के भीतर स्टेडियम तैयार कर लिया जाएगा.
10 हजार दर्शकों की क्षमता और आधुनिक सुविधाएं
नए स्टेडियम को पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा. इसमें 10 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी. इसके अलावा आधुनिक नॉर्थ और साउथ पवेलियन, हाईटेक ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम, इन-बिल्ट टीवी प्रोडक्शन यूनिट और डे-नाइट मैचों के लिए अत्याधुनिक फ्लडलाइट्स की सुविधा भी विकसित की जाएगी, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का सीधा प्रसारण संभव हो सकेगा.
खिलाड़ियों के लिए मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
खिलाड़ियों की तैयारी को ध्यान में रखते हुए मैदान की नई लेवलिंग की जाएगी और क्रिकेट पिचों का पुनर्निर्माण होगा. परिसर में 5 प्रैक्टिस पिच, इंडोर प्रैक्टिस बिल्डिंग और खिलाड़ियों के लिए वर्ल्ड क्लास स्विमिंग पूल भी बनाया जाएगा, ताकि कोटा के खिलाड़ियों को महानगरों जैसी आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकें.
मीडिया, वीआईपी और कॉर्पोरेट सुविधाओं का भी होगा विकास
स्टेडियम के साउथ ब्लॉक में चार मंजिला भवन बनाया जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों का आधुनिक पवेलियन, वीआईपी और कॉर्पोरेट बॉक्स, मीडिया सीटिंग और बैंक्वेट हॉल विकसित किए जाएंगे. वहीं नॉर्थ ब्लॉक में तीन मंजिला भवन तैयार होगा, जहां स्टेडियम प्रशासन, ग्राउंड इक्विपमेंट और संचालन से जुड़ी सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी.
हाड़ौती को मिलेगी नई पहचान
KDA के अनुसार, वर्तमान में पूरे हाड़ौती संभाग में अंतरराष्ट्रीय स्तर का कोई खेल परिसर नहीं है. यह स्टेडियम बनने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय माहौल मिलेगा और कोटा राष्ट्रीय क्रिकेट आयोजनों के लिए नई पहचान बनाएगा. भविष्य में यदि BCCI के सभी मानकों और आवश्यक स्वीकृतियों को पूरा किया जाता है, तो यह स्टेडियम आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी के लिए भी दावेदारी पेश कर सकेगा.
ये भी पढ़ें