scorecardresearch

Meerut News: सिपाही ने स्नैपचैट पर की दोस्ती, फिर किया दुष्कर्म, पिस्टल के दम पर मुंह किया बंद

एक युवती ने सिपाही पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. उसका कहना है कि सिपाही ने पर आपत्तिजनक वीडियो भी बनाए हैं. मामले में पुलिस जांच में जुटी है.

Advertisement
पीड़ित महिला पीड़ित महिला

मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र निवासी एक किशोरी ने आगरा में तैनात सिपाही पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. साथ ही आपत्तिजनक वीडियो बनाने का भी आरोप लगाया है. युवती ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने युवती से घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं.

स्नैपचैट पर दोस्ती, बनाया अश्लील वीडियो

युवती के मुताबिक करीब दो माह पहले उसकी सिपाही से स्नैपचैट के जरिए दोस्ती हुई थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद सिपाही ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया. आरोप है कि इसके बाद सिपाही ने उसे मेरठ के एक होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया. युवती का आरोप है कि सिपाही उसे आगरा भी ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया. इस दौरान उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बनाए जाने का आरोप है.

पिस्टल के दम पर कराया चुप

युवती का आरोप है कि बाद में उसने सिपाही से शादी की बात कही तो उसने उसके साथ मारपीट की. आरोप है कि सिपाही ने पिस्टल दिखाकर उसे डराया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी. युवती ने आरोपी पर उसके माता-पिता को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप लगाया है.

पुलिस ने नहीं की सुनवाई, सिपाही ने की हनीट्रैप की बात

युवती का कहना है कि उसने कंकरखेड़ा और लोहिया नगर थाने में शिकायत की थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई. आरोप है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद सिपाही की मां भी दोनों थानों में पहुंचीं और वहां युवती के साथ मारपीट की गई.

वहीं, मामले में युवती पर सिपाही को कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाने का आरोप लगाए जाने की बात भी सामने आई है. पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है.

क्या कहना है पुलिस का?

सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि कंकरखेड़ा थाने में लोहिया नगर निवासी युवती ने आगरा में तैनात सिपाही के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है. युवती से घटना से संबंधित सभी साक्ष्य प्राप्त किए जा रहे हैं. प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेकर सभी संबंधित पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी.