scorecardresearch

सनकी युवक ने माता-पिता और भाई को उतारा मौत के घाट, बेजुबान बिल्ली को भी नहीं बख्शा

घर के चिराग ने ही बुझा दी घर की रौनक. एक नहीं, दो नहीं बल्कि तीन लोगों की जान लेकर भी मन नहीं भरा तो कर दी बिल्ली की भी हत्या.

आरोपी युवक आरोपी युवक

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के सावंगा गांव में हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया. एक युवक, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है, ने अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी. इतना ही नहीं, घर में मौजूद एक बिल्ली को भी नहीं छोड़ा. इस घटना ने गांव के लोगों को स्तब्ध कर दिया है.

अचानक हिंसा में बदला घर का माहौल
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात घर में सामान्य रूप से खाना बनाने की तैयारी चल रही थी. सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक हालात बिगड़ गए. सबसे पहले छोटे भाई पर हमला किया गया. जब माता-पिता उसे बचाने के लिए आगे आए, तो उन पर भी बेरहमी से हमला किया गया. कुछ ही समय में तीन लोगों की जान चली गई और एक खुशहाल परिवार बिखर गया.

मासूम बच्चे ने देखा पूरा घटनाक्रम
घटना के समय कमरे में मौजूद पांच साल का भांजा इस सबका गवाह बना. बताया जा रहा है कि आरोपी ने उसके चेहरे पर पैर रखा और उसे मृत समझकर छोड़ दिया. इसी वजह से उसकी जान बच गई. घटना के बाद बच्चा डर के कारण बेहोश हो गया. इस पहलू ने पूरे मामले को और भी अधिक संवेदनशील बना दिया है.

पढ़ाई में टॉपर, लेकिन सपना अधूरा
परिजनों के अनुसार, आरोपी पढ़ाई में बहुत अच्छा था और हमेशा टॉपर रहा. वह सेना में भर्ती होना चाहता था और इसके लिए तैयारी भी कर रहा था. हालांकि, पैर में समस्या होने के कारण उसका चयन नहीं हो पाया. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ वर्षों से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. परिवार ने नागपुर में उसका इलाज भी कराया था. हाल ही में उसका जाम सावरी मंदिर में झाड़-फूंक भी कराया जा रहा था.

पुलिस कार्रवाई और न्यायालय में पेशी
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. तीनों शवों के साथ बिल्ली के शव का भी पोस्टमार्टम कराया गया. बाद में शव परिजनों को सौंप दिए गए. कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति असामान्य प्रतीत हो रही है. उसे पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में न्यायालय में पेश किया गया.

यह घटना न केवल एक परिवार के टूटने की कहानी है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की भी गंभीर आवश्यकता को सामने लाती है. पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर गहरे सदमे में हैं.


(रिपोर्ट- राजेश भाटिया)

ये भी पढे़ं