Delhi-Meerut Rapid Rail
Delhi-Meerut Rapid Rail
देश की पहली रैपिड रेल नमो भारत अब पूरे कॉरिडोर पर दौड़ने के लिए तैयार है. इससे दिल्ली और मेरठ के बीच सफर और भी आसान हो जाएगा. दिल्ली के सराय काले खां और मेरठ के बेगमपुल स्टेशन के बीच सफल ट्रायल रन पूरा कर लिया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को नमो भारत के संपूर्ण कॉरिडोर पर रेल संचालन को हरी झंडी दिखाएंगे.
82 किमी लंबा है रैपिड रेल कॉरिडोर-
दिल्ली से मेरठ के बीच 82 किलोमीटर लंबा रैपिड रेल कॉरिडोर है. इस पूरे कॉरिडोर पर नमो भारत रैपिड रेल दौड़ेगी. सराय काले खां से मेरठ के बेगमपुल स्टेशन के बीच सफल ट्रायल रन पूरा कर लिया गया है.
55 मिनट में 160 किमी का सफर-
करीब 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली यह ट्रेन सराय काले खां से बेगमपुल तक की दूरी महज 55 से 60 मिनट में तय करेगी. जिससे दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. दिल्ली के सराय काले खां तक का हिस्सा बनकर तैयार हो चुका है.
दिल्ली-न्यू अशोक नगर के बीच हो रहा संचालन-
फिलहाल नमो भारत ट्रेन दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ तक संचालित हो रही है. ट्रायल रन के दौरान दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के पत्रकारों को इस हाईस्पीड सफर का अनुभव कराया गया. ट्रेन मेरठ के बेगमपुल स्टेशन तक पहुंची, जहां आधुनिक सुविधाओं से लैस कोच, आरामदायक सीटें, एयर कंडीशनिंग, सीसीटीवी सुरक्षा और डिजिटल सूचना प्रणाली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया.
कॉरिडोर पर कौन-कौन से स्टेशन?
82 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, गाजियाबाद, गुलधर, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मेरठ साउथ और बेगमपुल/मोदीपुरम जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं. सड़क मार्ग से जहां दिल्ली से मेरठ की दूरी तय करने में डेढ़ से दो घंटे तक का समय लग जाता है, वहीं अब यह सफर एक घंटे से भी कम समय में पूरा हो सकेगा. 22 फरवरी को प्रधानमंत्री हरी झंडी दिखाकर इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ करेंगे, जिसके साथ ही एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा.
(मयंक गौड़ की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: