Good Touch Bad Touch Education
Good Touch Bad Touch Education
स्कूलों में बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक शिक्षा भी दी जाती है. इसी दौरान नागपुर में एक ऐसा मामला सामने आया, जहां गुड टच और बैड टच के बारे में पढ़ाए जाने पर 7 साल की बच्ची ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी टीचर को दी. बच्ची ने बताया कि उसके घर में रहने वाले किरायेदार अंकल उसके साथ बैड टच करते हैं. इस खुलासे के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
घर में किरायेदार के रूप में रहता था आरोपी
यह मामला नागपुर के पांचपावली पुलिस थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने 47 वर्षीय राजेश कनोजिया को गिरफ्तार किया है. शिकायतकर्ता बच्ची की 32 वर्षीय मां है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला के घर में किरायेदार के रूप में रहता था. आरोप है कि वह बच्ची को चॉकलेट देने का लालच देकर अपने कमरे में बुलाता था. इसके बाद उसके साथ अश्लील हरकतें करता था. इतना ही नहीं, आरोपी बच्ची को इस बारे में किसी को भी बताने पर चुप रहने की धमकी देता था.
30 जून से 13 अक्टूबर के बीच की घटना
शिकायत के मुताबिक, बच्ची के साथ यह घटनाक्रम 30 जून से 13 अक्टूबर के बीच का है. स्कूल में गुड टच और बैड टच के बारे में समझाए जाने के दौरान बच्ची ने टीचर को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया. इसके बाद मामले की जानकारी बच्ची की मां तक पहुंची और उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बारे में समझाने के लिए दी जाने वाली सामाजिक शिक्षा इस मामले में बच्ची के खुलकर अपनी बात बताने का जरिया बनी. उसके खुलासे के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बच्ची की मां की शिकायत मिलने के बाद पांचपावली पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी राजेश कनोजिया को गिरफ्तार कर लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब आगे की जांच कर रही है. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें