गिरफ्तार किए गए आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपी
गुजरात की आर्थिक राजधानी, डायमंड और टेक्सटाइल नगरी सूरत में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. अपराधी छोटी मोटी बातों को लेकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देते रहते है. लेकिन आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों को पकड़ कर पुलिस उनकी हेकड़ी निकालने में देरी नहीं करती.
क्या है मामला?
एक ऐसा ही मामला सूरत के लिम्बायत इलाके में से सामने आया. जहां एक चाय की दुकान पर चाय पीने के बाद पैसे मांगने पर दुकानदार से चार लोगो ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया. मारपीट की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. दुकानदार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिम्बायत थाना पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस की इस कार्यवाही को लेकर लोगो में काफ़ी खुशी नजर आई. उन्होंने पुलिस को फूलों का गुलदस्ता देकर सम्मानित किया.
कैसे घटित हुई वारदात?
28 जनवरी को एक गरीब दरबार नामक एक चाय की दुकान पर चार लोग चाय पीने पहुंचे थे. चाय पीने के बाद जब चाय के दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे तो उन्होंने पैसे देने से इंकार कर दिया. इसी बात को लेकर बहस हुई और फिर चाय पीने के बाद पैसे नहीं देने को लेकर इन चार लोगों ने लोहे की रॉड से दुकानदार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया था. जिसके बाद इलाके में भगदड़ मच गई थी.
इस हमले में चाय की दुकान वाला दुकानदार घायल हो गया. सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़कर कड़क कार्यवाही की. अपराध में शामिल आरोपियों ने मुंडन कराई हुई हालत में सूरत की गलियों में सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. पकड़े गए सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में एक साथ गंजा दिखने से स्थानीय लोग आश्चर्य चकित हो गए थे.
हफ्ते में दूसरा मामला
सूरत शहर के लिंबायत पुलिस थाना क्षेत्र में मारपीट के मामले में पकड़े गए आरोपी एक बार फिर गंजे हुए हालत में नजर आने पर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गए हैं. पिछले एक हफ्ते में यह दूसरा ऐसा मामला है जिसमें गंभीर अपराध में पकड़े गए शख्सों के सिर मुंडे हुए पाए गए हों. लिंबायत पुलिस थाने में दो अलग-अलग मारपीट के मामलों में पकड़े गए सभी आरोपी गंजा दिखने से स्थानीय लोगों में पुलिस के कड़े रुख को लेकर कई तर्क-वितर्क हो रहे हैं, जो अपराधियों में डर का माहौल पैदा कर रहे हैं.
- संजय सिंह राठौड़ की रिपोर्ट