RPF woman constable Meenu Kumari saves passenger life
RPF woman constable Meenu Kumari saves passenger life
मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर एक महिला कांस्टेबल की सतर्कता और बहादुरी ने एक यात्री को मौत के मुंह में जाने से बचा लिया. चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा. कुछ ही सेकंड में बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ की महिला कांस्टेबल ने बिना समय गंवाए उसकी जान बचा ली.
टला बड़ा हादसा
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 20808 हीराकुंड एक्सप्रेस अमृतसर से विशाखापत्तनम जा रही थी. ट्रेन मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से रवाना हो चुकी थी. इसी दौरान एक यात्री ने रिजर्वेशन कोच में चढ़ने का प्रयास किया. चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा. स्थिति बेहद गंभीर थी क्योंकि यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था. लेकिन प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहीं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की महिला कांस्टेबल मीनू कुमारी की नजर जैसे ही यात्री पर पड़ी, उन्होंने तुरंत कार्रवाई की. यात्री गिरने के बाद ट्रेन की ओर खिसक रहा था और हर पल खतरा बढ़ता जा रहा था.
मीनू कुमारी ने बिना देर किए दौड़कर यात्री की शर्ट पकड़ ली और उसे अपनी ओर खींचने लगीं. इस दौरान वह खुद भी संतुलन खोकर गिर गईं, लेकिन उन्होंने यात्री का हाथ और शर्ट नहीं छोड़ी. उनकी इसी बहादुरी और सूझबूझ की वजह से यात्री सुरक्षित बाहर निकल आया.
CCTV में कैद हुई बहादुरी
पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे महिला कांस्टेबल ने अपनी जान की परवाह किए बिना यात्री को बचाने के लिए तुरंत कदम उठाया. लोग सोशल मीडिया पर मीनू कुमारी की जमकर सराहना कर रहे हैं और उनकी बहादुरी को सलाम कर रहे हैं.
आरपीएफ ने की महिला कांस्टेबल की सराहना
आरपीएफ थाना प्रभारी यू.के. कौशिक ने बताया कि महिला कांस्टेबल मीनू कुमारी ने अपनी जान की चिंता किए बिना यात्री की जान बचाई. उनका यह साहस और कर्तव्यनिष्ठा रेलवे सुरक्षा बल की जिम्मेदारी और समर्पण को दर्शाता है.
यह घटना एक बार फिर सावधान करती है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश कितनी खतरनाक हो सकती है. कुछ सेकंड की जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है. हालांकि इस मामले में महिला कांस्टेबल की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यात्रियों को हमेशा सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए और चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने से उन्हें बचना चाहिए.
(रिपोर्ट- मदन गोपाल शर्मा)
ये भी पढ़ें