पत्नी के करवा चौथ व्रत न रखने पर गुसाया पति
पत्नी के करवा चौथ व्रत न रखने पर गुसाया पति
शिवपुरी जिले से करवाचौथ को लेकर एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां पत्नी के करवाचौथ का व्रत नहीं रखने से नाराज पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पति का आरोप है कि उसकी पत्नी न तो उसकी लंबी उम्र के लिए व्रत रख रही है और न ही चंद्रमा की पूजा कर रही है. इस बात से नाराज पति ने पत्नी को तलाक देने की बात भी कही है. फिलहाल पुलिस ने मामले को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव को दूर करने की बात कही है.
पत्नी के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंचा पति
यह मामला शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र का है. ग्राम बदरवास के गांव विजरावन के रहने वाले बारे लाल आदिवासी ने अपनी पत्नी मिथलेश आदिवासी के खिलाफ थाने में शिकायती आवेदन दिया है. बारे लाल का कहना है कि उसकी पत्नी करवाचौथ का व्रत नहीं रखती है और न ही चांद का पूजन करती है.
पति ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी उसे मारना चाहती है. करवाचौथ का व्रत नहीं रखने और चंद्रमा की पूजा नहीं करने को लेकर वह नाराज है. इसी वजह से उसने पुलिस से शिकायत की है. बारे लाल आदिवासी का कहना है कि अगर उसकी पत्नी इसी तरह करती रही, तो वह उसे तलाक दे देगा.
करवाचौथ के व्रत को लेकर पति-पत्नी में मनमुटाव
करवाचौथ पर सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखती हैं और चंद्रमा की पूजा करने के बाद व्रत खोलती हैं. हालांकि, बदरवास थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले में पत्नी के व्रत नहीं रखने को लेकर पति ने आपत्ति जताई है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव की स्थिति बनी हुई है. बारे लाल आदिवासी ने इसी विवाद को लेकर थाने में आवेदन दिया है. पति की शिकायत के बाद अब पुलिस की ओर से दोनों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा.
महिला पुलिस अधिकारी करेंगी विवाद सुलझाने का प्रयास
इस मामले पर कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच जो मनमुटाव चल रहा है, उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा. इसके लिए महिला पुलिस अधिकारी दोनों के बीच बातचीत कर विवाद सुलझाने की कोशिश करेंगी. फिलहाल यह मामला करवाचौथ का व्रत रखने और चंद्रमा की पूजा करने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद से जुड़ा है. पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच मनमुटाव दूर करने की कोशिश की जाएगी.
(इनपुट- मनोज भार्गव)
ये भी पढ़ें