scorecardresearch

25 August 2026 AAJ KA MAUSAM: 80 km/h की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं! 25 अगस्त को दिल्ली, यूपी से लेकर ओडिशा तक मूसलाधार बारिश और बाढ़ का खतरा

मौसम विभाग ने बारिश के कारण राज्यों के निचले इलाकों में जलभराव, अचानक बाढ़, भूस्खलन और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है. 25 अगस्त 2026 को सुबह 11:30 बजे तक ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है. कहीं कई जगहों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है.

Advertisement
Heavy Rain Alert Heavy Rain Alert

देश के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर करवट लेता दिखाई दे रहा है. दरअसल 25 अगस्त 2026 को IMD ने कई शहरों के लिए रेड और येलो अलर्ट जारी कर दिया है. वाराणसी और दिल्ली सहित कई जगहों पर मूसलाधार बारिश के साथ कुछ जगहों पर आंधी का प्रकोप देखने को मिलेगा, तो कहीं केवल तेज हवा से लोगों को परेशानी हो सकती है. मौसम विभाग ने अगले 8 घंटों के दौरान 13 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है. सबसे ज्यादा सावधान रहने की जरूरत बाइक चालकों को है. बाइक चलाने वाले साथ में रेन कोर्ट रखें और हो सके तो बेवजह घर से न निकलें. वरना भिंगने से तबीयत बिगड़ सकती है.

दिल्ली
राजधानी दिल्ली में 25 अगस्त 2026 के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है. आज दिनभर बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर और फिर दोपहर से शाम तक कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं फिर 26 और 27 अगस्त को भी हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि मौसम का असर NCR में भी देखने को मिलेगा.

उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश का सिलसिला देखने को मिलने वाला है. वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, अयोध्या, अमेठी, गोंडा, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मेरठ, आगरा, बरेली, मुरादाबाद, हापुड़, सहारनपुर, मथुरा, संभल, पीलीभीत और शाहजहांपुर में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी यूपी में 25 से 27 अगस्त और पश्चिमी यूपी में 25 व 26 अगस्त को भारी बारिश देखने को मिल सकती है.

बिहार
बिहार में पटना, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, गया और रोहतास समेत कई जिलों में 25 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी है. 25 और 26 अगस्त को राज्य में व्यापक बारिश हो सकती है, जबकि 27 अगस्त को भी कुछ जगहों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है.

मध्य प्रदेश
25 अगस्त 2026 को मध्य प्रदेश में मानसून का असर काफी तेज रहने वाला है. मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही कई जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाओं की भी स्थिति बन सकती है.

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में भी 25 अगस्त 2026 को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. राज्य के कई जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है. भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है.

झारखंड
झारखंड में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी दी है. पश्चिम बंगाल के गंगा वाले मैदानी हिस्सों और आसपास बने कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से यहां मूसलाधार बारिश हो सकती हैं.

उत्तराखंड
उत्तराखंड भी उन राज्यों में शामिल है, जहां 25 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और आवाजाही प्रभावित होने का खतरा बना रह सकता है. पर्यटक खास ध्यान दें और मौसम देखकर ही होटल से बाहर निकलें.

राजस्थान
राजस्थान के भरतपुर, अलवर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, दौसा, जयपुर और टोंक में आंधी-बारिश का अलर्ट है. दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ में भी मौसम खराब रह सकता है. यह गतिविधि 26 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है.

जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 25 से 28 अगस्त के बीच अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है. 28 से 30 अगस्त के बीच कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि 29 अगस्त को व्यापक बारिश हो सकती है.
 

ये भी पढ़ें