Varanasi News
Varanasi News
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से उनकी कर्मभूमि काशी तक 22 दिन में करीब 2200 किलोमीटर का सफर तय कर 500 सेवा संकल्प यात्री, 40 हजार गांव से होते हुए बुधवार को वाराणसी पहुंचे. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में सेवा संकल्प यात्रियों का ढोल-नगाड़ों के बीच भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान पुष्प वर्षा कर और चंदन का तिलक लगाकर यात्रियों का अभिनंदन किया गया.
सेवा संकल्प यात्रियों के स्वागत कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. यात्रियों के काशी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
वडनगर से काशी तक का सफर-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से राष्ट्रव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू किया गया है. इसी अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से 500 बाइक सवार सेवा संकल्प यात्रियों को काशी के लिए रवाना किया गया था. गृह मंत्री अमित शाह ने इन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था.
2200 किलोमीटर की यात्रा-
यात्रियों ने गुजरात से उत्तर प्रदेश तक करीब 2200 किलोमीटर की दूरी चार राज्यों से होकर तय की. करीब 22 दिनों के इस सफर के दौरान यात्रियों ने विभिन्न जिलों में जनसंपर्क किया और लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी.
बाबा विश्वनाथ का करेंगे जलाभिषेक-
काशी पहुंचे 500 सेवा संकल्प यात्री बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे. यात्रियों ने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक का सफर करीब 22 से 23 दिनों का रहा. इस दौरान गुजरात, हरियाणा समेत कई राज्यों से होते हुए वे उत्तर प्रदेश पहुंचे. रास्ते में अलग-अलग जिलों में लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
यात्रियों ने कहा कि वे भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता के रूप में जगह-जगह लोगों से संवाद करते हुए सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे थे. हर जिले में मिले उत्साह और स्वागत ने यात्रा को यादगार बना दिया. काशी पहुंचने पर जिस तरह से उनका स्वागत हुआ, उससे वे अभिभूत हैं.
रोहनिया में होगा यात्रा का समापन-
वडनगर से शुरू हुई सेवा संकल्प यात्रा का समापन वाराणसी के रोहनिया स्थित जगतगंज इंटर कॉलेज मैदान में होगा. यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सेवा संकल्प यात्रियों का स्वागत करेंगे. इसके साथ ही यात्रा के समापन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: