today 11 august imd prediction heavy rain alert monsoon latest update
today 11 august imd prediction heavy rain alert monsoon latest update
मानसून के बीच 11 अगस्त को देश के अलग-अलग कोने में लोगों को बारिश से राहत मिलेगी. कहीं थोड़ी-बहुत बारिश लोगों को गर्मी से राहत देगी, तो कुछ राज्यों में झमाझम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. दिल्ली-NCR सहित देश के कई राज्यों में सुबह से दोपहर तक बारिश के आसार बने हुए हैं, वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में लोगों की भारी बारिश परेशानी बढ़ा सकती है. पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी कई जगह बारिश का दौर जारी रहने वाला है. ऐसे में अगर आप 11 अगस्त को घर से निकलने वाले हैं तो अपने शहर का मौसम जरूर देख लें.
दिल्ली-NCR
दिल्ली में 11 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने के संकेत हैं. सुबह से दोपहर के बीच हल्की से मूसलाधार बारिश के कुछ दौर देखने को मिल सकता है. वहीं कुछ जगहों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है. शाम या रात में एक बार फिर तेज बारिश के आसार दिखाई दे रहे हैं. तापमान की बात करें तो, वह 33 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बादल और बारिश का असर देखने को मिल सकता है.
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में 11 अगस्त को बारिश का असर देखने को मिल सकता है. पश्चिमी यूपी में 10 अगस्त को भारी बारिश का पूर्वानुमान था और 14-15 अगस्त को फिर भारी बारिश के आसार हैं. पूर्वी यूपी में 11 अगस्त को छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि 13-15 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना बढ़ेगी. मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़, आगरा, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है.
बिहार
बिहार में 11 अगस्त को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. आईएमडी ने 10 से 12 अगस्त के दौरान बिहार में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है. पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, दरभंगा, सहरसा, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सुपौल और आसपास के इलाकों में बारिश के आसार बने हुए हैं.
झारखंड
झारखंड में 10-11 अगस्त को छिटपुट बारिश की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. 11 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बिजली चमकने की गतिविधि देखने को मिल सकती है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, देवघर, गिरिडीह और रामगढ़ में बारिश के आसार हैं.
ओडिशा
ओडिशा में 11 अगस्त को बारिश का दौर बना रहेगा. 10-11 अगस्त को भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है. इसके बाद 12-15 अगस्त के दौरान कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. भुवनेश्वर, कटक, पुरी, गंजाम, खुर्दा, जगतसिंहपुर, जाजपुर, केंद्रापड़ा, नयागढ़, बालांगीर और मयूरभंज में बारिश हो सकती है.
पश्चिम बंगाल और सिक्किम
गंगीय पश्चिम बंगाल में 11 अगस्त से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जो 14 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है. वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश और तेज हवाओं का असर रह सकता है. कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और सिलीगुड़ी में बारिश के आसार हैं.
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में 11 अगस्त को काफी ज्यादा बारिश दर्ज कि जा सकती है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10-12 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 10-16 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. 11 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, शिवपुरी, श्योपुर, राजगढ़, ग्वालियर, जबलपुर, मंडला और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है.
राजस्थान
राजस्थान के पूर्वी हिस्से में 10-12 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है. 11 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में बहुत भारी बारिश कुछ जगहों पर हो सकती है. पश्चिमी राजस्थान में भी 11-12 अगस्त को भारी बारिश के आसार हैं. जयपुर, कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, भरतपुर, अलवर, दौसा, सवाई माधोपुर, अजमेर, जोधपुर और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है.
पंजाब
पंजाब में 10-11 अगस्त को कई जगहों पर बारिश का दौर रहने वाला है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और आसपास के इलाकों में बारिश के आसार हैं.
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में 11 अगस्त को छिटपुट से लेकर कई जगहों पर बारिश हो सकती है. आईएमडी ने 10-11 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. गरज-चमक की गतिविधि भी बनी रह सकती है. रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव, जशपुर, कबीरधाम और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है.
महाराष्ट्र और गोवा
कोंकण और गोवा में 10-16 अगस्त तक कई जगहों पर बारिश का दौर बना रहेगा. 11 अगस्त को गुजरात के साथ कोंकण और गोवा में भारी बारिश की संभावना है. मध्य महाराष्ट्र में भी बारिश जारी रह सकती है. मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, पुणे, नासिक, कोल्हापुर, पणजी और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर
अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में 10-11 अगस्त को छिटपुट बारिश के आसार हैं. 11 अगस्त से अरुणाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में भी 10-14 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10-16 अगस्त तक बारिश का दौर रह सकता है. वहीं ईटानगर, गुवाहाटी, शिलांग, दीमापुर, कोहिमा, इंफाल, आइजोल और अगरतला में बारिश देखने को मिल सकती है.
दक्षिण भारत
दक्षिण भारत के कई राज्यों में 11 अगस्त को बारिश के आसार हैं. तटीय कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में कई जगहों पर बारिश हो सकती है. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और कर्नाटक के अंदरूनी हिस्सों में भी छिटपुट बारिश की संभावना है. केरल के कोच्चि, तिरुवनंतपुरम, कोझिकोड, कर्नाटक के मंगलुरु, उडुपी, बेंगलुरु; तमिलनाडु के चेन्नई, कोयंबटूर, मदुरै, तेलंगाना के हैदराबाद और वारंगल, आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम, विजयवाड़ा और तिरुपति में बारिश हो सकती है.
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 11 अगस्त को बारिश का दौर जारी रहने वाला है. उत्तराखंड में 11 अगस्त से भारी बारिश की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. शिमला, मंडी, सोलन, सिरमौर, देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और श्रीनगर जैसे इलाकों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें