Weather update
Weather update
दिल्ली एनसीआर के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है.बुधवार की दोपहर अलग-अलग इलाकों में हुई झमाझम बारिश के बाद तापमान में गिरावट आ गई है. दिल्ली में बुधवार की सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया. मौसम विभाग का कहना है कि मानसूनी गर्त उत्तर की दिशा में बढ़ रही है. इसके चलते आने वाले दो से तीन दिन तक दिल्ली व आसपास के राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान अधिकतम तामपान 32 डिग्री तक सिमट जाएगा.
दिल्ली, नोएडा में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में मंगलवार को कई इलाकों में जमकर बारिश हुई. मंगलवार की सुबह में तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को खूब परेशान किया, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और शाम साढ़े पांच बजे तक 8.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं बात करें नोएडा की तो यहां अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके चलते नैनीताल, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. इनमें कई जगहों पर अतिवृष्टि भी हो सकती है. भूस्खलन की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं.
जानें बाकी राज्यों का हाल
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले 5 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा. 20 और 21 जुलाई को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार के कुछ हिस्सों और उत्तरी मध्य प्रदेश में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है.