scorecardresearch

पीलीभीत में बदल रहा किचन का ट्रेंड, लोग इंडक्शन और इलेक्ट्रिक केतली की ओर बढ़े

पीलीभीत के मुख्य बाजार में स्थित इलेक्ट्रिक और बर्तनों की दुकानों पर इन दिनों काफी भीड़ देखने को मिल रही है. लोग इंडक्शन, इलेक्ट्रिक केतली, ओवन और गीजर जैसे उपकरण खरीद रहे हैं.

electric stoves electric stoves

पीलीभीत के बाजार में इन दिनों इलेक्ट्रिक होम एप्लायंसेज की मांग अचानक बढ़ गई है. खासकर इंडक्शन चूल्हा और इलेक्ट्रिक केतली खरीदने के लिए लोग दुकानों पर पहुंच रहे हैं. ग्राहकों का कहना है कि आने वाले समय में घरेलू गैस सिलेंडर मिलने में दिक्कत हो सकती है, इसलिए वे पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं.

बाजार में बढ़ी इलेक्ट्रिक उपकरणों की मांग
पीलीभीत के मुख्य बाजार में स्थित इलेक्ट्रिक और बर्तनों की दुकानों पर इन दिनों काफी भीड़ देखने को मिल रही है. लोग इंडक्शन, इलेक्ट्रिक केतली, ओवन और गीजर जैसे उपकरण खरीद रहे हैं. दुकानों पर जाकर देखा गया कि ग्राहक इन सामानों के बारे में जानकारी ले रहे हैं और तुरंत खरीदारी भी कर रहे हैं. ग्राहकों का कहना है कि फिलहाल कई लोगों को गैस सिलेंडर बुक करने में परेशानी हो रही है. ऐसे में उन्हें डर है कि आगे चलकर गैस की और ज्यादा कमी हो सकती है. इसी वजह से लोग पहले से ही इंडक्शन और दूसरे इलेक्ट्रिक उपकरण खरीदकर तैयारी कर रहे हैं.

बिक्री में कई गुना इजाफा
दुकानदारों के मुताबिक पहले जहां एक महीने में मुश्किल से एक या दो इंडक्शन चूल्हे बिकते थे, वहीं अब रोजाना 20 से 30 इंडक्शन तक बिक रहे हैं. सेल्समैन का कहना है कि हाल के दिनों में लोगों का रुझान तेजी से इलेक्ट्रिक चूल्हों की ओर बढ़ा है. दुकानदारों का यह भी कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो जल्द ही इंडक्शन की कमी भी हो सकती है. क्योंकि दुकानों में रखा पुराना स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है और पीछे से नया माल मिलने में भी समय लग सकता है. इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की रिपेयरिंग का काम भी बढ़ गया है.

अधिकारियों ने दी सफाई
जिला पूर्ति अधिकारी का कहना है कि फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है. हालांकि कुछ जगहों पर सर्वर की समस्या के कारण सिलेंडर बुकिंग में दिक्कत आ रही है, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि फिलहाल केवल कमर्शियल सिलेंडरों पर रोक लगाई गई है, जबकि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है.

बिजली के उपकरणों पर बढ़ रही निर्भरता
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर घरों में गैस के साथ-साथ इंडक्शन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ता है तो भविष्य में गैस की संभावित कमी की स्थिति से निपटना आसान हो सकता है. फिलहाल पीलीभीत के बाजार में बढ़ती मांग यह संकेत दे रही है कि लोग वैकल्पिक साधनों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं.

रिपोर्टर: सोरभ पांडे

ये भी पढ़ें: