scorecardresearch

Live-In Partner Crime: मां के साथ सोता था बेटा, तो लिव-इन पार्टनर ने लात और बेलन से गुप्तांग पर किया बार, इलाज के दौरान बच्चे ने तोड़ा दम

अंबरनाथ में मां के लिव-इन पार्टनर की कथित पिटाई से घायल 7 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई. आरोपी गिरफ्तार है और अब उसके खिलाफ हत्या की धारा जोड़ी जाएगी.

Crime Scene Crime Scene

महाराष्ट्र के अंबरनाथ से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. मां के लिव-इन पार्टनर की कथित बेरहमी का शिकार बने सात वर्षीय मासूम ने मुंबई के केईएम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. आरोप है कि आरोपी ने बेलन और लातों से बच्चे के गुप्तांग और पूरे शरीर पर बेरहमी से पिटाई की. अंबरनाथ पुलिस ने आरोपी विकास सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. अब बच्चे की मौत के बाद उसके खिलाफ हत्या की धारा जोड़ने की तैयारी की जा रही है.

मां के साथ लिव-इन में रह रहा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय आरोपी विकास सिंह मृतक बच्चे की मां के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. महिला अपने पति से अलग होने के बाद अपने सबसे छोटे बेटे के साथ अंबरनाथ में आरोपी के घर रह रही थी, जबकि उसके दो बड़े बच्चे अपने पिता के साथ रहते हैं.

बच्चे को अपने रिश्ते में बाधा मानता था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्चे को इसलिए नापसंद करता था क्योंकि वह अपनी मां के साथ सोता था और उसे अपने संबंधों में बाधा मानता था. आरोप है कि पिछले कई दिनों से आरोपी, महिला के काम पर जाने के बाद बच्चे के साथ मारपीट करता था. बच्चे ने इसकी शिकायत अपनी मां से भी की थी, जिसके बाद मां ने आरोपी को चेतावनी दी थी.

बेलन से पीटा, गुप्तांग पर मारी लात
इसके बावजूद 17 जुलाई को आरोपी ने मासूम की बेलन से बेरहमी से पिटाई की और उसके गुप्तांग पर कई बार लात मारी, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं. घायल बच्चे को पहले उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया. हालत बिगड़ने पर उसे सायन अस्पताल और फिर मुंबई के केईएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए दावा किया कि बच्चे के साथ अज्ञात लोगों ने मारपीट की है. लेकिन पुलिस को उसके बयान पर शक हुआ. जांच और पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. अंबरनाथ की एसीपी शैलेश काले और पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शब्बीर सैयद ने बताया कि बच्चे की मौत के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा जोड़ी जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें