साली को लेकर भाग रहा था बहनोई
साली को लेकर भाग रहा था बहनोई
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया. जानकारी के मुताबिक, नाबालिग लड़की की कस्टडी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुलिस चौकी में पंचायत चल रही थी. काफी देर तक बातचीत के बावजूद कोई सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद पुलिस ने मामला कोर्ट में सुलझाने की बात कही, लेकिन इसी बीच हालात अचानक बिगड़ गए.
साली को लेकर भाग रहा था बहनोई
बताया जा रहा है कि बांदा जिले की एक युवती अपनी मां की मौत के बाद पिछले दो साल से जोनिहां में अपनी मौसी के घर रह रही थी. इसी दौरान उसका बहनोई दीपक सोनी करीब एक हफ्ते पहले उसे अपने साथ ले गया था. जब मौसी ने लड़की को वापस लाने की बात कही तो वह तैयार नहीं हुआ, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा.
पीछा करने पर कार से कुचलने का आरोप
रविवार शाम दोनों पक्षों को जोनिहां चौकी बुलाया गया, लेकिन पंचायत बेनतीजा रही. इसी दौरान बहनोई साली को कार में बैठाकर भागने लगा. वहां मौजूद साले सत्यवान, उसका दोस्त अन्नू सोनकर और रिश्तेदार मनोज सोनी बाइक से उसका पीछा करने लगे. दिलावरपुर मोड़ के पास जब उन्होंने कार रोकने की कोशिश की, तो आरोप है कि तेज रफ्तार कार ने तीनों को कुचल दिया.
इस दर्दनाक हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी बहनोई दीपक सोनी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
दूसरी बाइक सवार दंपति भी घायल
एसपी फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, हादसे में एक दूसरी बाइक सवार पति-पत्नी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. वहीं, पहले बाइक पर सवार तीनों लोगों की मौत हो चुकी है. दो की मौके पर और एक की अस्पताल में इलाज के दौरान.
जांच में जुटी पुलिस, कई पहलुओं पर पड़ताल
पुलिस का कहना है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. यह भी जांच की जा रही है कि यह महज एक्सीडेंट था या जानबूझकर किया गया कृत्य. सीओ बिंदकी गौरव शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है और हर एंगल से जांच की जा रही है.
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना की सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्ट- नितेश श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें