scorecardresearch

बेटे की चाह में प्रेम जाल में फंसाया, बेटा हुआ तो हत्या कर चेहरा ईंट से कुचला...ये कहानी आपको हिला देगी

शीबा की शादी 2019 में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के लाला मोहम्मदपुर निवासी शाहरुख से हुई थी. उसके दो बच्चे थे. शाहरुख गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है और वहीं रहता था.

Advertisement
Meerut Woman Murder Case: Photo:ITGD Meerut Woman Murder Case: Photo:ITGD

मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में 20 अगस्त को मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान शीबा के रूप में होने के बाद पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक शीबा को उसके प्रेमी सादिक ने बेटे की चाह में अपने साथ रखा था. करीब चार साल तक साथ रहने के बाद जब शीबा ने बेटे को जन्म दिया तो आरोपी ने परिजनों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची. आरोप है कि 19 अगस्त को उसे देहरादून घुमाने के बहाने कार में बैठाया गया. रास्ते में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को सरधना इलाके में एक खेत में फेंक दिया गया. पहचान छिपाने के लिए चेहरे को ईंट से कुचल दिया गया.

19 अगस्त को परिजनों को फोन किया फिर मोबाइल बंद
शीबा भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव सयाल की रहने वाली थी. उसके भाई ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त को शीबा ने फोन कर बताया था कि सादिक और उसके परिजन उसे गाड़ी में बैठाकर कहीं ले जा रहे हैं. इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. 20 अगस्त को सरधना क्षेत्र में अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. पुलिस ने शव की पहचान के लिए चार टीमें लगाईं. 21 अगस्त को सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर सामने आने के बाद शीबा के परिजन सरधना थाने पहुंचे. मोर्चरी में शव देखकर उन्होंने उसकी पहचान शीबा के तौर पर की.

2019 में शादी हुई पति गाजियाबाद में रहता था
शीबा की शादी 2019 में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के लाला मोहम्मदपुर निवासी शाहरुख से हुई थी. उसके दो बच्चे थे. शाहरुख गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है और वहीं रहता था. पुलिस जांच के अनुसार, इसी दौरान शीबा की नजदीकियां मोहम्मदपुर लाल निवासी सादिक से बढ़ीं. बाद में वह सादिक के साथ रहने लगी. सादिक पहले से शादीशुदा था और उसकी पांच बेटियां थीं.

परिवार ने विरोध किया फिर बेटे की चाह में मान गए
पुलिस के मुताबिक सादिक के परिवार ने शीबा को साथ रखने का विरोध किया था. कुछ समय बाद सादिक वापस परिवार के पास आया और बताया कि उसकी कोई संतान नहीं है और वह बेटे की चाह में शीबा को अपने साथ रख रहा है. इसके बाद परिवार ने शीबा को स्वीकार कर लिया. करीब एक साल पहले शीबा ने एक बेटे को जन्म दिया. पुलिस का दावा है कि बेटे के जन्म के बाद सादिक और उसके परिजनों ने शीबा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. आरोप है कि उनका मकसद शीबा की हत्या के बाद उसके बेटे को अपने पास रखना था.

देहरादून घूमने के बहाने ले गए रास्ते में की हत्या
पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त को सादिक ने अपने परिजनों के साथ मिलकर योजना को अंजाम दिया. शीबा को देहरादून घूमने की बात कहकर कार में बैठाया गया. रास्ते में सादिक ने कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद मेरठ के सरधना रोड के पास एक खेत में शव फेंक दिया गया. पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने के लिए ईंट से शीबा के चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया गया था.

सादिक समेत 5 लोगों पर केस
शीबा के भाई की तहरीर पर पुलिस ने सादिक, उसकी पहली पत्नी आशिया, मां वसीला और भाइयों आबिद व शादाब के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने वसीला, आशिया और शादाब को हिरासत में लेकर पूछताछ की. जांच के बाद सादिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अब मामले में हत्या की पूरी साजिश और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें