Unnao Woman
Unnao Woman
उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला अपने बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ चली गई. आरोप है कि जाते समय वह घर में जमीन के अंदर दबाकर रखे पुश्तैनी गहने भी अपने साथ ले गई. इतना ही नहीं, महिला ने पति की ओर से खरीदी गई 10 बिस्वा जमीन भी अपने नाती के नाम कर दी. अब बीमार पति और बेटे ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत की है और कार्रवाई की मांग की है.
बेटे ने एसपी से मिलकर बताई पूरी कहानी
मामला अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव का है. यहां रहने वाले एक युवक ने एसपी जय प्रकाश सिंह से मुलाकात कर अपनी मां के खिलाफ शिकायत दी है. बेटे का आरोप है कि उसकी मां बीमार पिता को घर पर छोड़कर अपनी बेटी के पति यानी दामाद के साथ चली गई है. पिता के मुताबिक, मां घर में गड्ढा खोदकर रखे गए पुश्तैनी गहने भी निकालकर ले गई है.
15 साल पहले बहन की हुई थी हत्या
शिकायत में बेटे ने बताया कि उसके पिता बीमार रहते हैं और पहले गांव में चौकीदार का काम करते थे. पिता ने अपनी बेटी की शादी सोहरामऊ थाना क्षेत्र में की थी. आरोप है कि करीब 15 साल पहले बहनोई ने उसकी बहन की हत्या कर दी थी. उस समय बेटे की परवरिश को ध्यान में रखते हुए परिवार ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया था.
बेटे के मुताबिक, इस घटना के बाद से ही उसकी मां और बहनोई के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी थीं. बहनोई का घर आना-जाना भी बढ़ गया था. जब पिता ने इस पर आपत्ति जताई तो घर में विवाद होने लगा. आरोप है कि मां अक्सर पिता से झगड़ा करने लगी थी.
घर में गाड़कर रखे थे लाखों के गहने
बीमार पिता का आरोप है कि उन्होंने अपने पुश्तैनी गहने घर के अंदर जमीन में गड्ढा खोदकर छिपा रखे थे. इनमें करीब दो किलो चांदी और 80 ग्राम सोने के गहने शामिल थे. आरोप है कि महिला ने इन गहनों को गड्ढे से निकालकर अपने साथ ले लिया.
10 बिस्वा जमीन नाती के नाम करने का आरोप
बेटे ने अपनी शिकायत में जमीन का भी जिक्र किया है. उसका आरोप है कि पिता की ओर से खरीदी गई 10 बिस्वा जमीन मां ने 14 सितंबर को दामाद के कहने पर चुपचाप अपने नाती के नाम कर दी. परिवार को इसकी जानकारी बाद में हुई. पीड़ित परिवार का कहना है कि इस मामले में पहले अजगैन थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद बेटा अपने बीमार पिता की परेशानी लेकर एसपी जय प्रकाश सिंह के पास पहुंचा. उसने पूरे मामले की जांच कराने और गहने व जमीन से जुड़े आरोपों पर कार्रवाई करने की मांग की.
ये भी पढ़ें