scorecardresearch

गले में 10 फीट का किंग कोबरा लपेटकर निकलीं 'स्नेक लेडी', जहरीले सांप का ऐसा रेस्क्यू देख दंग रह गए लोग

बगहा के वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के विशाहा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुन्नी लाल के घर में करीब 10 फीट लंबा जहरीला किंग कोबरा निकल आया.

घर में सांप दिखते ही मच गई अफरा-तफरी घर में सांप दिखते ही मच गई अफरा-तफरी
हाइलाइट्स
  • घर में घुसा 10 फीट लंबा किंग कोबरा

  • घर में सांप दिखते ही मच गई अफरा-तफरी

बिहार के बगहा स्थित वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के विशाहा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब मुन्नी लाल के घर के अंदर करीब 10 फीट लंबा जहरीला किंग कोबरा दिखाई दिया. विशालकाय सांप को देखते ही परिवार के लोग जान बचाने के लिए तुरंत घर से बाहर निकल आए. कुछ ही देर में पूरे गांव में खबर फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. लोग दूर खड़े होकर सांप को देखने लगे, जबकि परिवार दहशत में था.

'स्नेक लेडी' ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही वाल्मीकिनगर की प्रसिद्ध स्नेक रेस्क्यूअर जानकी देवी मौके पर पहुंचीं. इलाके में उन्हें 'स्नेक लेडी' के नाम से जाना जाता है. उन्होंने पूरी सावधानी और प्रशिक्षित तरीके से किंग कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया. इसके बाद सांप को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया. समय रहते रेस्क्यू होने से किसी भी तरह की जनहानि या दुर्घटना नहीं हुई.

बारिश में बढ़ जाती है सांपों की आवाजाही
वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार के मुताबिक, बारिश और मौसम में बदलाव के दौरान जहरीले सांप अक्सर सुरक्षित ठिकाने की तलाश में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे गांवों और रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि घर या आसपास सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही खुद उसे पकड़ने की कोशिश करें. इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को दें.

दुनिया के सबसे विषैले सांपों में गिना जाता है किंग कोबरा
किंग कोबरा दुनिया के सबसे विषैले सांपों में शामिल है. इसका न्यूरोटॉक्सिक जहर इंसान के तंत्रिका तंत्र पर तेजी से असर करता है. ऐसे सांप के काटने पर बिना समय गंवाए मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाना और एंटी-वेनम उपचार शुरू करना जरूरी होता है. विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने से जान बचाई जा सकती है.

12 साल की उम्र से कर रही हैं सांपों का रेस्क्यू
वाल्मीकिनगर की रहने वाली जानकी देवी पिछले कई वर्षों से सांपों का रेस्क्यू कर रही हैं. उन्होंने महज 12 साल की उम्र में यह काम शुरू किया था. अब तक वह हजारों जहरीले और गैर-जहरीले सांपों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ चुकी हैं. कई बार रेस्क्यू के दौरान उन्हें सांप ने काट भी लिया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने यह काम नहीं छोड़ा. आज वह लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण के लिए भी लगातार सक्रिय हैं.

ये भी पढ़ें