scorecardresearch

Gobhi Cutlet Recipe: गोभी से बनाएं ये झटपट स्नैक, बाहर से क्रिस्पी और अंदर से बेहद टेस्टी... अब कटलेट के लिए नहीं होगी आलू की जरूरत

शाम के चाय के साथ अक्सर कुछ स्नैक्स की चाह होती है. ऐसे में हमेशा के स्नैक्स की जगह आप गोभी कटलेट की ये रेसिपी ट्राय कर सकते हैं. इससे आप बच्चों की हल्की-फुल्की भूख को भी मिटा सकते हैं.

Advertisement
Gobhi Cutlet Recipe (AI) Gobhi Cutlet Recipe (AI)

अक्सर शाम की चाय के साथ अगर कुछ टेस्टी खाने का मन करता है. ऐसे में कई लोग सोचते हैं कि कुछ ऐसा आइटम हो जो घर पर आसानी से बनाया जा सके. अगर आप भी ऐसा सोचते हैं, तो गोभी के क्रिस्पी कटलेट बना सकते हैं. यह रेसिपी बनाने में आसान है और इसके लिए आलू की जरूरत भी नहीं पड़ती. घर में मेहमान आए हों या बच्चों के लिए शाम का नाश्ता बनाना हो, गोभी कटलेट एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है.

किन इंग्रीडिएंट्स की होगी जरूरत

इस आसान रेसिपी के लिए एक बड़ी फूलगोभी लें. इसके अलावा दो प्याज, थोड़ा हरा धनिया, करीब 2 इंच अदरक, 8 से 10 लहसुन की कलियां और 2 से 3 हरी मिर्च चाहिए. कटलेट को अच्छा स्वाद और क्रिस्पी बनाने के लिए आधा कप गेहूं का आटा, आधा कप चावल का आटा और करीब एक चौथाई कप बेसन लें.

मसालों में एक चम्मच जीरा, एक चम्मच सौंफ, धनिया पाउडर, हल्दी, चिली फ्लेक्स और स्वाद के अनुसार नमक डालें. आखिर में आधे नींबू का रस डालने से स्वाद और अच्छा हो जाता है.

ऐसे तैयार करें गोभी कटलेट का मिक्सचर

सबसे पहले फूलगोभी को अच्छी तरह धोकर छोटे टुकड़ों में अलग कर लें. अब इसे चॉपर में बारीक कर लें. अगर चॉपर नहीं है, तो कद्दूकस की मदद से गोभी को बारीक कर सकते हैं. इसके बाद प्याज, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और हरे धनिए को भी बारीक काट लें. मिक्सी का इस्तेमाल कर रहे हैं तो बिना पानी के पल्स मोड में इन्हें पीसें.

अब गोभी और इस मिक्सचर को थोड़ा नमक डालकर करीब 10 मिनट के लिए रख दें. इससे गोभी कुछ पानी छोड़ेगी. इसके बाद इसमें गेहूं का आटा, चावल का आटा और बेसन डालें. फिर हल्दी, धनिया पाउडर, जीरा, सौंफ और चिली फ्लेक्स डालकर अच्छी तरह मिलाएं. स्वाद के अनुसार नमक और आधे नींबू का रस डालें.

कैसे बनाएं गोल-गोल क्रिस्पी कटलेट

सारी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर ऐसा मिक्सचर तैयार करें जिसे आसानी से आकार दिया जा सके. अब हाथों की मदद से इसकी गोल या अंडाकार टिक्की बना लें. एक कड़ाही में तेल गर्म करें और कटलेट को मीडियम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें.

अगर आप कम तेल में नाश्ता बनाना चाहते हैं तो इन्हें एयर फ्रायर में भी तैयार कर सकते हैं. तैयार गोभी कटलेट को गर्मागर्म चटनी या सॉस के साथ परोसें.

मेहमानों के लिए पहले से कर सकते हैं तैयारी

अगर घर में पार्टी या मेहमान आने वाले हैं तो कटलेट की टिक्कियां पहले से बनाकर फ्रीजर में रख सकते हैं. जरूरत के समय इन्हें निकालकर फ्राई करें और गर्मागर्म सर्व करें. यह आसान स्नैक बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आ सकता है.