किस तरह काटें कटहल?
किस तरह काटें कटहल?
गर्मियों का मौसम आते ही मार्केट में कटहल मिलने लग जाता है. यह न सिर्फ टेस्ट बल्कि न्यूट्रिशन में भी भरपूर होता है. लेकिन लोग एक गलती करते हैं, वह अकसर इसे सब्जी मानते हैं पर असल में यह एक फल है. कटहल पेड़ पर लगे फूल से पैदा होता है. कटहल की मसालेदार सब्जी का स्वाद इतना लाजवाब होता है कि कई लोग इसे मटन या चिकन से भी बेहतर मानते हैं. इसके कोफ्ते भी काफी पसंद किए जाते हैं.
सब्जी बनाने से पहले इसे काटना होता है. लेकिन कटहल काटना कई लोगों के लिए परेशानी का दूसरा नाम होता है. इसे काटते समय इसमें से एक चिपचिपा पदार्थ निकलता है, जो हाथों और चाकू पर चिपक जाता है. जिससे इसे काटना बड़ा मुश्किल हो जाता है. अब ये चिपचिपा पदार्थ आखिर निकलता क्यों हैं और कैसे कटहल को काटना आसान बनाया जा सकता है, उसका जवाब हम आपको यहां देते हैं.
क्यों निकलता है कटहल से चिपचिपा पदार्थ?
कटहल को काटते समय जो सफेद, दूध जैसा चिपचिपा पदार्थ निकलता है, उसे लेटेक्स कहा जाता है. दरअसल यह एक तरह का नेचुरल गोंद जैसा तत्व होता है, जो हवा के कॉन्टैक्ट में आते ही और ज्यादा चिपचिपा हो जाता है. यही कारण है कि कटहल काटते समय हाथ और चाकू गंदे और चिपचिपे हो जाते हैं, जिन्हें साफ करना काफी मुश्किल हो सकता है.
कटहल काटने से पहले करें ये तैयारी
अगर आप कटहल आसानी से काटना चाहते हैं, तो पहले कुछ जरूरी तैयारियां कर लेनी चाहिए. इसके लिए एक बर्तन में पानी लें और उसमें थोड़ा सी हल्दी और एक चुटकी नमक मिला दें. यह पानी बाद में काम आएगा. इसके अलावा जिस चाकू से कटहल काटना है, उस पर दोनों तरफ तेल लगा लें. साथ ही अपने हाथों पर भी थोड़ा तेल अच्छी तरह मल लें. ऐसा करने से कटहल का चिपचिपा पदार्थ हाथों और चाकू पर कम चिपकता है.
कटहल काटने की निंजा टेक्नीक
कटहल काटने के लिए सबसे पहले उसके डंठल वाले हिस्से को चाकू से काटें. जैसे ही आप इसे काटेंगे, उसमें से सफेद लेटेक्स निकलने लगेगा. अब उसी साइड से कटहल को बीच से दो हिस्सों में काट लें. इसके बाद ऊपर दिखाई देने वाले सफेद हिस्से को कपड़े या टिशू से साफ कर लें. अब इन दोनों हिस्सों को फिर से आधा करें, जिससे छोटे-छोटे टुकड़े बन जाएं. इसके बाद चाकू की मदद से छिलका हटाएं और अंदर के हिस्से को ट्रायंगल शेप में काट लें.
ऐसे दूर होगा चिपचिपापन
कटहल के कटे हुए टुकड़ों को पहले से तैयार हल्दी और नमक वाले पानी में डाल दें. कुछ देर तक इन्हें इसमें रहने दें और फिर साफ पानी से निकाल लें. ऐसा करने से कटहल का चिपचिपापन पूरी तरह खत्म हो जाएगा. अब आप इन टुकड़ों से अपनी पसंदीदा डिश आसानी से तैयार कर सकते हैं.