Ranthambore Safari and Satpura Tiger Reserve Opens on 1 October 2026
Ranthambore Safari and Satpura Tiger Reserve Opens on 1 October 2026
राजस्थान के प्रमुख टाइगर रिजर्व रणथंभौर नेशनल पार्क तीन महीने के अंतराल के बाद 1 अक्टूबर 2026 से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है. उधर, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व भी सैलानियों के लिए ओपेन कर दिया गया है. रणथंभौर नेशनल पार्क में पर्यटन सत्र के पहले दिन गणेश धाम स्थित मुख्य प्रवेश द्वार पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. वन विभाग की ओर से देशी-विदेशी पर्यटकों का राजस्थानी अंदाज में तिलक लगाकर और माला पहनाकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया.
रंगोली और लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति
रणथंभौर के मुख्य प्रवेश द्वार पर आकर्षक रंगोली बनाई गई, वहीं लोक कलाकारों ने राजस्थानी लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर माहौल में चार चांद लगा दिए. गाजे-बाजे और लोक संगीत के बीच पर्यटक वाहनों को रणथंभौर नेशनल पार्क भ्रमण के लिए रवाना किया गया. पर्यटन सत्र के शुभारंभ के अवसर पर जिला कलेक्टर कानाराम, मुख्य वन संरक्षक शारदा प्रताप सिंह, उपवन संरक्षक मानस सिंह और उपवन संरक्षक पर्यटन संजीव शर्मा ने पर्यटक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान अधिकारियों ने पर्यटकों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया और उन्हें रणथंभौर भ्रमण के लिए शुभकामनाएं दीं.
पर्यटकों में दिखा उत्साह
तीन महीने के अंतराल के बाद खुले रणथंभौर नेशनल पार्क को लेकर पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला. पहली ही पारी में ही सैकड़ों की तादाद में देशी-विदेशी पर्यटक रणथंभौर के जंगल की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों को करीब से देखने पहुंचे. बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी पहली पारी में रणथंभौर भ्रमण के लिए पहुंचे. इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक शारदा प्रताप सिंह और जिला कलेक्टर कानाराम ने कहा कि इस बार पर्यटकों में रणथंभौर नेशनल पार्क के भ्रमण को लेकर खासा उत्साह और रुझान देखने को मिल रहा है. अधिकारियों ने पर्यटन सत्र के दौरान पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और वन क्षेत्र में निर्धारित नियमों के साथ पर्यटन संचालन पर जोर दिया. गणेश धाम मुख्य द्वार पर हुए भव्य स्वागत समारोह के साथ रणथंभौर का नया पर्यटन सत्र शुरू हो गया. जंगल की हरियाली, प्राकृतिक सौंदर्य और बाघ सहित अन्य वन्यजीवों के दीदार की उम्मीद लेकर पहुंचे पर्यटकों में खासा उत्साह नजर आया. पहले ही दिन पर्यटकों की बड़ी संख्या ने रणथंभौर के पर्यटन सीजन के शानदार आगाज की तस्वीर पेश कर दी.
नर्मदापुरम में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व फिर हुआ गुलजार
मध्य प्रदेश में भी सभी नेशनल पार्क गुरुवार से सैलानियों के लिए खुल गए हैं. इसी के साथ नर्मदापुरम स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में भी तीन माह बाद सैलानियों की चहलकदमी शुरू हो गई और सैलानियों के स्वागत के साथ पर्यटन वर्ष की भी शुरुआत हुई. गुरुवार सुबह सतपुड़ा की मढ़ई, चूरना रेंज के गेट प्रबंधन द्वारा खोले गए. पार्क ओपन होते ही टाइगर और अन्य वन्यप्राणियों का दीदार करने बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे. पहले दिन एसटीआर पहुंचे पर्यटकों का मढ़ई और चूरना में फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया. सैलानियों में एसटीआर को लेकर खासा आकर्षण है जानकारी के अनुसार जिप्सी और होटल की बुकिंग फुल है.
पर्यटकों का तिलक लगाकर किया गया स्वागत
आपको मालूम हो कि बारिश के चलते सतपुड़ा टाईगर रिजर्व को पिछले तीन माह से पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था लेकिन शासन के आदेशानुसार 1 अक्टूबर से पर्यटक ओर प्रकृति प्रेमियों के लिए नर्मदापुरम स्थित सतपुड़ा टाईगर रिजर्व भी खोल दिया गया है. सुबह से ही पर्यटक मढ़ई क्षेत्र भर्मण के लिए पहुंचे जहां उनका स्वागत कर प्रबंधन ने हरी झंडी दिखा कर जिप्सी को पार्क एरिए में रवाना किया गया. सतपुड़ा प्रबंधन से मिली जानकारी अनुसार सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) 92 दिन बाद गुरुवार को खोला गया है. पहले दिन एसटीआर घूमने के लिए 154 पर्यटकों ने ऑनलाइन बुकिंग की है. इस दौरान मढ़ई चूरना सहित पार्क के सभी 10 गेट पर पर्यटकों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया. गौरतलब है कि सतपुड़ा टाईगर रिजर्व प्रदेश का सबसे बड़ा टाईगर रिजर्व है, यहां दो सेंचुरी है जो प्रकृति प्रेमियों की पहली पसंद है. प्राकृतिक सौंदर्य के साथ यहां अनेक प्रकार के वन्यप्राणी निवास करते हैं जिनके दीदार के लिए पर्यटक देश विदेश से यहां आते हैं.
(सुनील जोशी और पीतांबर जोशी की रिपोर्ट)