scorecardresearch

शादी के दो साल बाद तक संबंध बनाने से कतराता रहा पति, स्पर्म जांच कराने ले गई पत्नी तो घर से पीट कर निकाला, सैंपल भी नहीं दिया

महिला के अनुसार उसने जब भी अपने पति से इलाज करने को कहा तो पूरे घर में मिलकर 500000 की डिमांड शुरू कर दी, 500000 लेकर आओ उसी से इलाज कराया जाएगा, अगर रुपया लेकर नहीं आओगी तो घर में एंट्री भी नहीं मिलेगी.

Advertisement
husband refused medical test husband refused medical test

गोरखपुर के गोरखनाथ थाने में 30 वर्षीय महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है. महिला का आरोप है कि नवंबर 2021 में शादी के बाद से उसके पति ने कभी भी उसके साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाए. जब भी उसने इसकी वजह पूछी, पति हर बार यह कहकर बात टाल देता था कि उसका दवा का कोर्स चल रहा है और कोर्स पूरा होने के बाद सब सामान्य हो जाएगा. महिला का कहना है कि इसी भरोसे में दो साल बीत गए, लेकिन पति का व्यवहार नहीं बदला.

जांच कराने ले गई, पति ने सैंपल देने से किया इनकार
शिकायत के मुताबिक, पति के व्यवहार पर शक होने के बाद महिला उसे एक निजी अस्पताल लेकर गई. वहां डॉक्टर ने जांच के लिए स्पर्म सैंपल देने को कहा, लेकिन पति ने सैंपल देने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद महिला ने दोबारा इलाज कराने की बात कही तो मामला और बिगड़ गया. महिला का आरोप है कि इसके बाद पति और ससुराल के अन्य लोगों ने मिलकर उससे 5 लाख लाने की मांग की. कहा गया कि इलाज तभी कराया जाएगा और अगर पैसे नहीं लाई तो घर में रहने की अनुमति भी नहीं मिलेगी.

शादी में 15 लाख खर्च होने का भी दावा
महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 19 नवंबर 2021 को लखनऊ के महानगर क्षेत्र निवासी युवक से हुई थी. शादी में उसके परिवार ने करीब 15 लाख रुपए खर्च किए थे. इसके बावजूद शादी के पहले दिन से ही उसे अनदेखा किया गया. आरोप है कि उसे जरूरत की चीजें तक नहीं दी जाती थीं और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.

पति, सास, देवर और ननद समेत 5 लोगों पर केस
महिला की शिकायत पर गोरखनाथ थाने में 12 जुलाई को पति, सास, देवर, ननद समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें