scorecardresearch

World Hand Hygiene Day 2026: गंदे हाथ बिगाड़ सकते हैं आपके दिल और गुर्दे की सेहत, WHO ने बताया हाथ धोने का सबसे सही तरीका

वर्ल्ड हाइजीन डे हर साल 5 मई को मनाया जाता है. इस दिन की शुरूआत WHO ने साल 2009 में 'सेव लाइव्स क्लीन योर हैंड्स' (Save Lives: Clean Your Hands) के तहत की थी. इस पहल का मकसद हाथों के हेल्थ और हाइजीन से जुड़ी जागरूकता फैलाना था, जिससे बड़ी बीमारियों के खतरे से बचा जा सके.

Hand washing benefits Hand washing benefits

लोग हाथ धोने को छोटी सी आदत समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही छोटी आदत हमारी सेहत पर बड़ा असर डालती है. हाथ साफ न रखने से शरीर में कई तरह के इंफेक्शन फैल सकते हैं, जो किडनी से लेकर हार्ट तक को नुकसान पहुंचा सकते हैं.

कई बीमारियां साफ-सफाई की कमी से ही बढ़ती हैं. जिसमें हाथ बड़ी भूमिका निभाता है, क्योंकि हाथ एक ऐसी चीज है जो सीधे मुंह तक जाती है. इसी कारण इंफेक्शन सीधे पेट में पहुंचता है. आज हम आपको बताएंगे हाथों को धोने का सही तरीका. इन तरीकों की रिकमेंडेशन WHO खुद देता है.

हाथ साफ करने का सही तरीका
अगर हाथ गंदे नजर नहीं आ रहे हैं, तो अल्कोहल बेस्ड हैंड रब का इस्तेमाल करना सबसे अच्छा तरीका माना जाता है. यह जल्दी काम करता है, ज्यादा प्रभावी होता है और हाथों के लिए भी बेहतर होता है, बजाय बार-बार साबुन से धोने के.

कब साबुन और पानी से हाथ धोएं
जब हाथों पर गंदगी साफ दिखाई दे, खून या शरीर के किसी तरल पदार्थ के संपर्क में आए हों, या फिर टॉयलेट इस्तेमाल करने के बाद, तब साबुन और पानी से हाथ धोना जरूरी होता है. यह पूरी तरह से सफाई करने में मदद करता है.

खास परिस्थितियों में क्या करें
अगर किसी ऐसे संक्रमण का खतरा हो, जो ज्यादा तेजी से फैलता है, जैसे क्लोस्ट्रिडियम डिफिसाइल जैसी बीमारी. ऐसे समय में साबुन और पानी से हाथ धोना ही सबसे सुरक्षित तरीका होता है.

हाथ होते हैं कीटाणुओं का सबसे बड़ा जरिया
हेल्थ केयर के दौरान कीटाणु एक व्यक्ति से दूसरे तक सबसे ज्यादा हाथों के जरिए ही फैलते हैं. यानी अगर हाथ साफ नहीं हैं, तो आप अनजाने में दूसरों तक बीमारी पहुंचा सकते हैं. यही कारण है कि हाथों की सफाई को सबसे जरूरी माना जाता है. हाथों की सही तरीके से सफाई करना संक्रमण से बचने का सबसे आसान और असरदार तरीका है. अगर समय पर और सही तरीके से हाथ साफ किए जाएं, तो कई खतरनाक बीमारियों से बचा जा सकता है.

किन लोगों के लिए ज्यादा जरूरी
जो लोग मरीजों की देखभाल करते हैं, जैसे डॉक्टर, नर्स, केयरगिवर या कोई भी व्यक्ति जो सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से मरीज के संपर्क में आता है, उनके लिए हाथों की सफाई और भी ज्यादा जरूरी हो जाती है. उन्हें सही समय और सही तरीके से हाथ साफ करना आना चाहिए.

हाथों की सफाई भले एक छोटी सी आदत है, लेकिन इसका फायदा बहुत बड़ा है. अगर इसे रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल कर लिया जाए, तो खुद को और दूसरों को कई गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है.

ये भी पढ़ें