scorecardresearch

भूतिया माने जाने वाले घर खरीदने के लिए लग रही है लोगों की लाइन, जापान का नया ट्रेंड जानकर रह जाएंगे हैरान

जापान में रहने का खर्च लगातार बढ़ रहा है. खासकर टोक्यो जैसे बड़े शहरों में घर खरीदना आम लोगों के लिए मुश्किल होता जा रहा है. ऐसे में जिको बुकेन प्रॉपर्टी बाजार कीमत से करीब 20 से 50 प्रतिशत तक सस्ती मिल जाती हैं.

haunted house haunted house

क्या आप ऐसे घर में रहने की हिम्मत करेंगे, जहां कभी हत्या, आत्महत्या या किसी की रहस्यमयी मौत हुई हो? ज्यादातर लोगों का जवाब 'नहीं' होगा. लेकिन जापान में अब हजारों लोग ऐसे घरों को खुद खरीद रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि इसकी वजह कोई रोमांच नहीं, बल्कि बढ़ती महंगाई और महंगे घर हैं. तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिर लोग ऐसा कर क्यों रहे हैं.

बता दें कि, जापान में ऐसे घरों को जिको बुकेन कहा जाता है. ये वे प्रॉपर्टी होती हैं जहां कभी हत्या, आत्महत्या या किसी व्यक्ति की अकेले मौत हुई हो. लंबे समय तक जापानी समाज में इन घरों को अशुभ और डरावना माना जाता था. लोग इन्हें खरीदने या किराए पर लेने से बचते थे. लेकिन अब हालात बदल रहे हैं और इन घरों की मांग तेजी से बढ़ रही है.

महंगाई ने बदली लोगों की सोच
जापान में रहने का खर्च लगातार बढ़ रहा है. खासकर टोक्यो जैसे बड़े शहरों में घर खरीदना आम लोगों के लिए मुश्किल होता जा रहा है. ऐसे में जिको बुकेन प्रॉपर्टी बाजार कीमत से करीब 20 से 50 प्रतिशत तक सस्ती मिल जाती हैं. यही वजह है कि युवा, पहली बार घर खरीदने वाले लोग और निवेशक इन घरों में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. अब लोग अंधविश्वास से ज्यादा अपनी आर्थिक जरूरतों को महत्व दे रहे हैं.

इस बदलते ट्रेंड को लोकप्रिय बनाने में जापानी कॉमेडियन तानीशी मात्सुबारा का भी बड़ा योगदान माना जाता है. वह पिछले कई वर्षों से जानबूझकर ऐसी प्रॉपर्टी में रह रहे हैं जहां पहले कोई दर्दनाक घटना हो चुकी थी. उन्होंने इसे अपने करियर का हिस्सा बना लिया है और लोगों के बीच यह संदेश देने की कोशिश की है कि हर ऐसी जगह डरावनी नहीं होती.

बढ़ती बुजुर्ग आबादी भी बनी वजह
जापान की बदलती आबादी भी इस ट्रेंड की एक बड़ी वजह है. वहां बड़ी संख्या में बुजुर्ग अकेले रहते हैं. कई बार उनकी मौत का पता कई दिनों बाद चलता है. ऐसे मामलों की संख्या बढ़ने से जिको बुकेन प्रॉपर्टी की संख्या भी लगातार बढ़ रही है. इससे बाजार में ऐसे घरों की उपलब्धता पहले से ज्यादा हो गई है.

इन घरों की मांग बढ़ने के साथ जापान में एक नया कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है. कई कंपनियां ऐसे घरों की सफाई, मरम्मत और रिनोवेशन का काम करती हैं. कुछ कंपनियां बौद्ध भिक्षुओं से विशेष धार्मिक अनुष्ठान भी कराती हैं ताकि घर को लेकर लोगों का डर कम हो सके. वहीं कुछ रियल एस्टेट एजेंट थर्मल कैमरे और सेंसर की मदद से यह दिखाने की कोशिश करते हैं कि घर में किसी तरह की असामान्य गतिविधि नहीं है.

आर्थिक मजबूरी ने बदली परंपरा
जापानी संस्कृति में आत्माओं और भूत-प्रेत से जुड़ी मान्यताएं काफी पुरानी हैं. इसके बावजूद बढ़ती महंगाई और महंगे घरों ने लोगों की प्राथमिकताएं बदल दी हैं. अब कई लोग ऐसे घरों को डर की नजर से नहीं, बल्कि कम कीमत में अच्छा घर खरीदने का मौका मान रहे हैं. यही वजह है कि कभी बदनाम मानी जाने वाली ये प्रॉपर्टी आज जापान के रियल एस्टेट बाजार का नया ट्रेंड बनती जा रही हैं.

ये भी पढ़ें: