shower
shower
घर में पानी का प्रेशर कम हो गया है या शावर और हैंड जेट से पानी ठीक से नहीं निकल रहा है, तो इसकी वजह उनमें जमा गंदगी और मिनरल हो सकते हैं. खासकर खारे पानी वाले इलाकों में शावर के छोटे-छोटे छेदों में कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल जमा होने लगते हैं. धीरे-धीरे ये छेद बंद हो जाते हैं और पानी का बहाव कम हो जाता है. ऐसे में कई लोग प्लंबर को बुलाकर सफाई करवाते हैं, लेकिन कुछ मामलों में आप घर पर ही शावर और हैंड जेट की सफाई कर सकते हैं. खास बात है कि, इसके लिए आपको महंगे क्लीनर खरीदने की भी जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद से जमा गंदगी हटाने की कोशिश कर सकते हैं.
इनो और नींबू के रस से करें सफाई
शावर और हैंड जेट में जमा गंदगी साफ करने के लिए इनो और नींबू के रस का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए एक बर्तन में थोड़ा इनो और नींबू का रस मिलाकर घोल तैयार करें. अब इस घोल को एक प्लास्टिक बैग में डालें और उसमें शावर या हैंड जेट का वह हिस्सा डुबोएं, जहां से पानी निकलता है. इसे करीब 25 से 30 मिनट तक ऐसे ही रहने दें. इसके बाद पुराने टूथब्रश से छेदों को धीरे-धीरे साफ करें और साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. इससे जमी गंदगी हटाने में मदद मिल सकती है.
बेकिंग सोडा और सफेद सिरके का करें इस्तेमाल
शावर हेड में मिनरल जमने की समस्या है, तो सफेद सिरके से सफाई करने की कोशिश कर सकते हैं. इसके लिए शावर हेड को खोलकर एक बर्तन में सफेद सिरके में डुबो दें. अगर इसे खोलना संभव नहीं है, तो प्लास्टिक बैग में सिरका भरकर शावर हेड के चारों ओर बांध सकते हैं. इसे कुछ घंटों तक रहने दें. इसके बाद पुराने टूथब्रश से छेदों को साफ करके पानी से धो लें. ध्यान रखें कि बेकिंग सोडा और सिरके को मिलाने से दोनों की सफाई करने की क्षमता कम हो सकती है, इसलिए सिरके का अलग से इस्तेमाल करना बेहतर है.
नमक और सिरके से हटाएं जमी गंदगी
हैंड जेट या शावर के छेदों में गंदगी जमा होने पर सफेद सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं. जरूरत पड़ने पर हल्के नमक वाले घोल से आसपास की गंदगी को साफ किया जा सकता है. हालांकि, नमक के मोटे कण सतह पर खरोंच डाल सकते हैं, इसलिए इसे धीरे-धीरे इस्तेमाल करें. सफाई के बाद शावर और हैंड जेट को साफ पानी से अच्छी तरह धोना जरूरी है.
इन बातों का भी रखें ध्यान
शावर और हैंड जेट की सफाई करते समय पहले पानी की सप्लाई बंद कर दें. सफाई के लिए तेज केमिकल या अलग-अलग क्लीनर को आपस में न मिलाएं. अगर सफाई के बाद भी पानी का फ्लो कम है, तो पाइप में ब्लॉकेज या पानी के प्रेशर की समस्या हो सकती है. ऐसी स्थिति में प्लंबर की मदद लेना बेहतर रहेगा.
ये भी पढ़ें: