गमले में उगाएं चमेली
गमले में उगाएं चमेली
शहरों की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई अपने घर में थोड़ा सुकून और ताजगी चाहता है. ऐसे में बालकनी गार्डनिंग लोगों को काफी पसंद आ रहा है. खासकर जैस्मिन यानी चमेली का पौधा, जो अपनी मनमोहक खुशबू और नाजुक सफेद फूलों के लिए जाना जाता है, ये आपकी बालकनी को एक शांत और सुगंधित कोने में बदल सकता है. सही देखभाल और थोड़ी सी मेहनत से आप भी अपने घर में इस खूबसूरत पौधे को आसानी से उगा सकते हैं.
सही किस्म का चयन करें
जैस्मिन की कई किस्में होती हैं, लेकिन बालकनी के लिए ऐसी किस्म चुनना जरूरी है जो गमले में अच्छी तरह बढ़ सके. जैस्मिनम सम्बक और जैस्मिनम पॉलिएन्थम जैसी किस्में छोटे जगहों के लिए बढ़िया होती हैं. ये पौधे कम जगह में भी अच्छी तरह बढ़ते हैं और भरपूर फूल देते हैं. तो चलिए आपको बताते हैं चमेली लगाने का सही तरीका.
सही गमला चुनें
जैस्मिन लगाने के लिए कम से कम 12 से 14 इंच गहरा गमला चुनें. ध्यान रहे की गमले में पानी निकलने के लिए छेद जरूरी होना है. अगर आप बेल वाली किस्म लगा रहे हैं, तो उसे सहारा देने के लिए ट्रेलिस या रेलिंग का इस्तेमाल करें, जिससे पौधा ऊपर की ओर बढ़ सके.
मिट्टी करें तैयार
जैस्मिन को अच्छी उपजाऊ मिट्टी पसंद होती है. इसके लिए आप गार्डन मिट्टी, कम्पोस्ट और रेत या पर्लाइट का मिश्रण तैयार कर सकते हैं. मिट्टी को हल्का नम रखें, लेकिन ज्यादा गीला न होने दें.
पर्याप्त धूप जरूरी है
जैस्मिन को रोजाना 4 से 6 घंटे धूप की जरूरत होती है. सुबह की हल्की धूप सबसे बेहतर होती है. तेज दोपहर की धूप से पौधे को बचाना चाहिए, ताकि पत्तियां न जलें.
सही तरीके से पानी दें
पौधे को तभी पानी दें जब ऊपर की मिट्टी सूखी लगे. गर्मियों में रोज पानी देना पड़ सकता है, जबकि सर्दियों में पानी की मात्रा कम रखें. ज्यादा पानी देने से जड़ें खराब हो सकती हैं.
खाद और देखभाल
हर 2 से 4 हफ्ते में जैविक खाद या फास्फोरस युक्त उर्वरक दें. इससे पौधे में ज्यादा फूल आते हैं. समय-समय पर छंटाई करने से पौधा घना और स्वस्थ बना रहता है.
कीट और मौसम से बचाव
एफिड्स और स्पाइडर माइट्स जैसे कीट पौधे को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इसके लिए नीम तेल या हल्के जैविक स्प्रे का उपयोग करें. साथ ही तेज हवा और सूखे मौसम से पौधे की रक्षा करें.
ये भी पढ़ें: