Gardening Tips for curry patta
Gardening Tips for curry patta
घर में करी पत्ते का पौधा होना किसी वरदान से कम नहीं होता. पोहा, ढोकला, उपमा या दाल का स्वाद बढ़ाना हो, करी पत्ता हर डिश में अलग ही खुशबू और टेस्ट जोड़ देता है. यही वजह है कि कई लोग इसे घर की बालकनी या किचन गार्डन में लगाते हैं. लेकिन अकसर ऐसा देखने को मिलता है कि पूरी देखभाल के बाद भी गर्मी के कारण यह पौधा सूखने लगता है. समय पर पानी देने के बावजूद पत्तियां पीली पड़ जाती हैं और धीरे-धीरे गिरने लगती हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप इसे फिर से हरा-भरा बना सकते हैं.
1. पानी का ख्याल रखें
गर्मी में सबसे बड़ी गलती लोग यही करते हैं कि पौधे को बार-बार पानी दे देते हैं. जरूरत से ज्यादा पानी देने से जड़ें कमजोर हो जाती हैं और पौधा सूखने लगता है. करी पत्ते के पौधे में तभी पानी दें जब मिट्टी ऊपर से सूखी लगे. मिट्टी में थोड़ी नमी रहनी चाहिए, लेकिन पानी जमा नहीं होना चाहिए. सुबह या शाम के समय पानी देना ज्यादा बेहतर रहता है.
2. धूप से पौधे को बचाएं
भीषण गर्मी में दोपहर की सीधी धूप पौधे की पत्तियों को जला सकती है. अगर आपका पौधा बालकनी या छत पर रखा है, तो कोशिश करें कि उसे ऐसी जगह रखें जहां सुबह की धूप मिले लेकिन दोपहर की तेज धूप सीधे न पड़े. हल्की धूप और हवा वाली जगह पौधे की ग्रोथ के लिए बेहतर मानी जाती है. इससे पत्तियां हरी बनी रहती हैं और सूखने का खतरा कम होता है.
3. सूखी टहनियों और फूलों की करें कटिंग
कई बार पौधे में फूल आने के बाद उसकी ग्रोथ धीमी हो जाती है. ऐसे में पौधा कमजोर दिखने लगता है. अगर पत्तियां सूख रही हों या टहनियां कमजोर लग रही हों, तो उनकी प्रूनिंग करें. सूखी शाखाओं और फूलों को काट देने से पौधे में नई शाखाएं निकलती हैं और कुछ ही दिनों में वह फिर से हरा-भरा दिखने लगता है.
करी पत्ते का पौधा ज्यादा देखभाल नहीं मांगता, बस सही पानी, सही धूप और समय-समय पर कटिंग जरूरी है. इन तीन आसान टिप्स को फॉलो करके आप गर्मी के मौसम में भी इसे हरा-भरा रख सकते हैं. ऐसे देखभाल करने से आपको बार-बार नया पौधा खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि सही देखभाल से आपका करी पत्ता सालभर ताजा और घना बना रहेगा.
ये भी पढ़ें