Moong daal idli
Moong daal idli
चावल और सूजी की इडली तो आपने खूब खाई होगी, लेकिन क्या आपने कोई ऐसी इडली खाई है जो बिना चावल और सूजी के बनती हो. जी हां, एक ऐसी इडली जिसमें न सूजी का इस्तेमाल होता है और न ही चावल का, फिर भी इतनी मुलायम और स्वादिष्ट होती है की खाते ही मजा आ जाता है. प्रोटीन और फाइबर से भरपूर यह इडली न केवल पेट भरती है बल्कि लंबे समय तक ऊर्जा भी देती है. सुबह के नाश्ते में अगर आप कुछ हल्का और हेल्दी चाहते हैं तो यह रेसिपी आपके लिए परफेक्ट हो सकती है. तो चलिए आपको बताते हैं इस इडली के बारे में.
हम बात कर रहे हैं मूंग दाल इडली के बारे में. दरअसल, मूंग दाल को प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है. इसमें फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. यह इडली हल्की होने के कारण आसानी से पच जाती है. वजन कम करने वाले लोगों के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है. इसे खाने के बाद लंबे समय तक भूख नहीं लगती और शरीर को पर्याप्त एनर्जी मिलती है.
मूंग दाल इडली बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1 कप धुली मूंग दाल, 1 छोटा टुकड़ा अदरक, 1-2 हरी मिर्च, कुछ करी पत्ते, 2-3 चम्मच दही, स्वादानुसार नमक, थोड़ा हरा धनिया, कद्दूकस की हुई गाजर, आधा छोटा चम्मच ईनो या बेकिंग सोडा, थोड़ा घी
मूंग दाल इडली बनाने की विधि
मूंग दाल इडली बनाने के लिए, सबसे पहले मूंग दाल को अच्छे से धोकर 7-8 घंटे या रातभर पानी में भिगो दें. सुबह इसका पानी निकालकर मिक्सी में डालें. इसमें अदरक, हरी मिर्च, करी पत्ता, नमक और दही मिलाकर स्मूथ बैटर तैयार करें. जरूरत हो तो थोड़ा पानी डाल सकते हैं.
इसके बाद एक छोटा तड़का तैयार करें. पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें राई और हींग डालें. हल्की हल्दी मिलाकर इसे बैटर में डाल दें. अब इसमें हरा धनिया और गाजर डालकर अच्छे से मिक्स करें. चाहें तो अन्य सब्जियां भी डाल सकते हैं.
अब इडली सांचे को हल्के घी से ग्रीस करें. बैटर में ईनो डालकर हल्के हाथ से मिलाएं और तुरंत सांचों में भर दें. स्टीमर को पहले से गर्म करें और इडली स्टैंड रखकर 10 से 15 मिनट तक मीडियम आंच पर पकाएं. टूथपिक डालकर चेक करें, अगर साफ निकले तो इडली तैयार है.
कैसे परोसें और जरूरी टिप्स
मूंग दाल इडली को नारियल चटनी, टमाटर चटनी या सांभर के साथ परोसा जा सकता है. इसे बच्चों के टिफिन और ऑफिस लंच के लिए भी बेहतरीन माना जाता है. ध्यान रखें कि दाल अच्छे से भीगी हो, बैटर ज्यादा पतला न हो और ईनो डालने के बाद तुरंत इडली बना लें. इससे इडली ज्यादा मुलायम और फूली हुई बनती है.
ये भी पढ़ें: