scorecardresearch

मारवाड़ी स्टाइल लहसुन और लाल मिर्च की चटनी की आसान रेसिपी, एक बार बनाएं, सालों तक खाएं, स्वाद ऐसा कि सब्जी की कमी नहीं लगेगी

इस चटनी को एक बार बनाकर महीनों नहीं बल्कि सालों तक स्टोर किया जा सकता है. मारवाड़ी स्टाइल ये चटनी इतनी स्वादिष्ट होती है कि जब घर में सब्जी न हो, तब भी रोटी या चावल के साथ पूरा मजा दे देती है.

Lahsun Ki Chatni Lahsun Ki Chatni
हाइलाइट्स
  • मारवाड़ी लहसुन-लाल मिर्च की चटनी

  • चटनी को लंबे समय तक कैसे करें स्टोर?

अगर आप खाने में कुछ ऐसा चाहते हैं जो सब्जी का विकल्प भी हो और लंबे समय तक चलने वाला भी हो तो मारवाड़ी स्टाइल लहसुन और लाल मिर्च की चटनी आपके लिए परफेक्ट है. खास बात यह है कि यह चटनी एक बार बनाकर लंबे समय तक स्टोर की जा सकती है और जब घर में सब्जी न हो, तब भी रोटी या चावल के साथ मजे से खाई जा सकती है.

क्या है इस चटनी की खासियत?
राजस्थान की यह पारंपरिक चटनी अपने तीखे स्वाद और लंबे समय तक खराब न होने की वजह से खास मानी जाती है. इसमें पानी का इस्तेमाल नहीं किया जाता, जिससे इसकी शेल्फ लाइफ काफी बढ़ जाती है. गर्मियों में यह दाल-चावल के साथ खास तौर पर पसंद की जाती है.

किन चीजों की होगी जरूरत?

  • 50 ग्राम सूखी लाल मिर्च

  • 250 ग्राम छिला हुआ लहसुन

  • 4-5 चम्मच तेल

  • अदरक का एक टुकड़ा

  • 2 चम्मच इमली का पल्प

  • जीरा

  • स्वादानुसार नमक

  • जरूरत अनुसार सरसों का तेल

मारवाड़ी स्टाइल लहसुन-लाल मिर्च की चटनी-

  • सबसे पहले सूखी लाल मिर्च को अच्छे से सुखाकर उसके बीज निकाल लें. इससे चटनी का स्वाद संतुलित रहेगा.

  • एक कड़ाही में 4-5 चम्मच तेल गर्म करें. इसमें लाल मिर्च डालकर 3-4 मिनट तक हल्का फ्राई करें, ताकि उसमें मौजूद नमी खत्म हो जाए.

  • इसके बाद उसी तेल में लहसुन को तेज आंच पर भूनें. साथ में अदरक का टुकड़ा भी डाल दें.

  • अब इसमें इमली का पल्प और जीरा डालें. जब सभी चीजें हल्की सुनहरी हो जाएं, तो इन्हें तेल से निकाल लें और स्वादानुसार नमक मिला दें.

  • इस मिश्रण को ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इसे मिक्सी में दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि इसमें पानी बिल्कुल न डालें.

  • जरूरत पड़ने पर थोड़ा गरम किया हुआ सरसों का तेल डाल सकते हैं, जिससे चटनी अच्छे से पिस जाए.

स्टोर कैसे करें?

  • तैयार चटनी को एयर टाइट कंटेनर में भरकर रखें.

  • पानी न होने और तेल की मात्रा सही होने के कारण यह चटनी लंबे समय तक खराब नहीं होती. 

  • सही तरीके से स्टोर करने पर आप इसे महीनों नहीं बल्कि सालों तक इस्तेमाल कर सकते हैं.

कैसे खाएं?
जब घर में सब्जी न हो, तब इसकी जगह इस्तेमाल कर सकते हैं. इसका तीखा और खट्टा स्वाद खाने का मजा दोगुना कर देता है. एक बार अगर आपने ये चटनी किसी मेहमान को खिला दी तो यकीन मानिए आपको बार-बार यही बनानी पड़ेगी.