scorecardresearch

Instant Gulab Jamun Recipe: दिवाली पर बाजार जैसा गुलाब जामुन बनाने की जानें रेसिपी, झंझट के बिना... कुछ मिनटों में तैयार हो जाएगी स्वीट डिश

दिवाली के मौके पर घर पर मावा, मैदा और बेकिंग सोडा की मदद से बाजार जैसे नरम और रसीले गुलाब जामुन आसानी से बनाए जा सकते हैं. अगर आप भी इस त्योहार के मौके पर घर में ही गुलाब जामुन बनाना चाहते हैं तो रेसिपी नोट कर लें.

Advertisement
Tricks to make soft gulab jamuns Tricks to make soft gulab jamuns

घी में तली और चाशनी में डूबी गरमागरम गुलाब जामुन एक ऐसी मिठाई है, जो शायद ही किसी को पसंद न आए. मुश्किल से कोई ऐसा व्यक्ति होगा, जो खुद को इसे खाने से खुद को रोक पाएगा. हलवाई की दुकान पर मिलने वाले गुलाब जामुन देखकर अक्सर मन करता है कि इन्हें घर पर भी बनाया जाए. लेकिन कई लोगों को लगता है कि इन्हें बनाने में काफी मेहनत लगेगी या फिर ये बाजार जैसे नहीं बनेंगे. तो आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ऐसा नहीं है. आप इसे कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर घर पर भी स्वाद और रस से भरा गुलाब जामुन बना सकते हैं.

गुलाब जामुन बनाने के लिए आपको चाहिए होगा-
1 कप मावा
3 बड़े चम्मच मैदा
2 बड़े चम्मच दूध (जरूरत के अनुसार)
एक चुटकी बेकिंग सोडा
तलने के लिए घी

चाशनी के लिए चाहिए-
1 कप चीनी
1 कप पानी
3-4 हरी इलायची
कुछ बूंदें नींबू का रस

सबसे पहले तैयार करें चाशनी
एक बर्तन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें. चीनी घुलने के बाद इसमें इलायची डाल दें और धीमी आंच पर कुछ मिनट पकाएं. चाशनी को बहुत ज्यादा गाढ़ा करने की जरूरत नहीं है. आखिर में नींबू के रस की कुछ बूंदें डाल दें, ताकि चाशनी में चीनी के दाने जमने की आशंका कम हो. गैस बंद करके चाशनी को गर्म रहने दें.

इस तरह तैयार करें गुलाब जामुन का आटा
एक बड़े बर्तन में मावा लेकर उसे अच्छी तरह मसल लें, ताकि उसमें गांठें न रहें. अब मैदा और एक चुटकी बेकिंग सोडा डालकर मिलाएं. जरूरत लगे तो थोड़ा-थोड़ा दूध डालकर नरम मिश्रण तैयार कर लें. ध्यान रखें कि इसे बहुत ज्यादा न गूंथें, वरना गुलाब जामुन सख्त हो सकते हैं.

अब इस मिश्रण से छोटे-छोटे गोले बनाएं. गोलों की सतह चिकनी होनी चाहिए और उनमें दरारें नहीं होनी चाहिए. दरारें रहने पर तलते समय गुलाब जामुन टूट सकते हैं.

धीमी आंच पर तलने से आएगा बाजार जैसा रंग
कड़ाही में घी या तेल गर्म करें. आंच धीमी से मध्यम रखें और गुलाब जामुन डालकर धीरे-धीरे तलें. इन्हें लगातार हाथ से घुमाते रहें, ताकि चारों तरफ से एक जैसा सुनहरा-भूरा रंग आए. तेज आंच पर तलने से बाहर का हिस्सा जल्दी गहरा हो सकता है, जबकि अंदर से गुलाब जामुन ठीक से नहीं पकेंगे. इसलिए फ्लेम कम ही रखें.

गर्म चाशनी में डालें और परोसें
गुलाब जामुन तलने के बाद उन्हें एक-दो मिनट रुकने दें. फिर गर्म चाशनी में डालकर कम से कम 1-2 घंटे रहने दें, ताकि वे चाशनी को अच्छी तरह सोख लें. इसके बाद इन्हें परोसें. घर पर बने नरम और रसदार गुलाब जामुन त्योहार पर मेहमानों को खिलाने के लिए आसानी से बनने वाली मिठाई है.
 

ये भी पढ़ें