scorecardresearch

How to Make Makki Ki Roti: सोचते हैं लेकिन आता नहीं मक्के की रोटी बनाना... ये तरीका अपनाकर देखें, नानी-दादी की है रेसिपी

सर्दियों में मक्के की रोटी बनाना मुश्किल लगता है, तो आटा गूंथते समय गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें और हाथों से अच्छी तरह मलें. बेलन की जगह हथेलियों या प्लास्टिक शीट की मदद से थपथपाकर रोटी बनाएं. तवे पर दोनों तरफ से धीमी आंच पर सेंकने के बाद मक्खन लगाकर परोसें.

Advertisement
How to make Perfect makke ki roti How to make Perfect makke ki roti

सर्दियों में मक्के की रोटी और सरसों का साग खाने का मजा ही कुछ और होता है. लेकिन जब घर पर मक्के की रोटी बनाने की बारी आती है, तो कई लोगों की शिकायत रहती है कि आटा ठीक से बंधता नहीं, रोटी बेलते समय टूटने लगती है या फिर तवे पर डालते ही बिखर जाती है. ऐसे में लोग चाहकर भी घर पर वैसी रोटी नहीं बना पाते, जैसी नानी-दादी के हाथों की बनी होती थी. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आटा गूंथने से लेकर रोटी को तवे पर डालने तक कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप भी नरम और स्वादिष्ट मक्के की रोटी बना सकते हैं.

मक्के की रोटी बनाने के लिए चाहिए 
मक्के की रोटी बनाने के लिए बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती. इसके लिए मक्के का आटा, गुनगुना पानी और स्वादानुसार नमक ले लें. रोटी को सेंकने के लिए घी या मक्खन भी रख सकते हैं. सबसे जरूरी बात यह है कि आटा गूंथते समय पानी का इस्तेमाल एक साथ न करें, बल्कि धीरे-धीरे मिलाएं.

नानी-दादी की तरह ऐसे गूंथें आटा
मक्के की रोटी बनाने में सबसे ज्यादा परेशानी आटा गूंथते समय होती है. गेहूं के आटे की तरह मक्के का आटा आसानी से नहीं बंधता, इसलिए इसे थोड़ा धैर्य रखकर तैयार करना पड़ता है. एक बर्तन में मक्के का आटा लें और उसमें थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए मिलाएं. आटे को हाथों से अच्छी तरह दबाकर गूंथें, ताकि वह एकसार हो जाए. अगर आटा सूखा लगे, तो थोड़ा और पानी डाल सकते हैं. ध्यान रखें कि आटा न बहुत सख्त हो और न ही इतना गीला कि हाथों में चिपकने लगे.

हाथों से थपथपाकर बनाएं रोटी
मक्के की रोटी को बेलन से बेलना कई बार मुश्किल होता है, क्योंकि आटा आसानी से टूट सकता है. ऐसे में नानी-दादी वाला तरीका अपनाएं. आटे की छोटी लोई बनाएं और उसे हथेलियों के बीच या साफ प्लास्टिक शीट पर रखकर धीरे-धीरे दबाएं. उंगलियों से किनारों को संभालते हुए रोटी को गोल आकार दें. अगर आटा हाथों में चिपक रहा हो, तो हथेलियों पर हल्का पानी लगा सकते हैं. रोटी को बहुत पतला करने की कोशिश न करें, वरना उठाते समय उसके टूटने का डर रहेगा.

तवे पर इस तरह सेंकें मक्के की रोटी
तवा गर्म होने के बाद रोटी को सावधानी से उस पर डालें. कुछ देर एक तरफ सिकने दें, फिर धीरे से पलट दें. दोनों तरफ से अच्छी तरह पकने के बाद चाहें तो रोटी को हल्की आंच पर सीधे भी सेंक सकते हैं. आखिर में ऊपर से घी या मक्खन लगा दें. इससे रोटी का स्वाद बढ़ जाएगा और वह खाने में भी अच्छी लगेगी.

गरमागरम मक्के की रोटी को सरसों के साग, सफेद मक्खन, गुड़ या अपनी पसंद की चटनी के साथ परोसें. पहली बार में रोटी बिल्कुल गोल न बने, तो परेशान न हों. थोड़ी-सी प्रैक्टिस और आटा गूंथने के सही तरीके से आप घर पर भी स्वादिष्ट मक्के की रोटी बना सकते हैं.
 

ये भी पढ़ें