Tomato Halwa
Tomato Halwa
भारत के लोग गाजर का हलवा, सूजी का हलवा, मूंग दाल का हलवा बड़े ही चाव से खाते हैं. आपने भी इनमें से कोई न कोई हलवा जरूर खाया होगा लेकिन शायद ही आपने टमाटर का हलवा कभी खाया होगा. यदि आपने टमाटर का हलवा नहीं खाया है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. हम आज आपको टमाटर का हलवा बनाने की एकदम आसान विधि बता रहे हैं. इस विधि से आप टमाटर का हलवा बनाएंगे या बनाएंगी तो आप तो इसे खाने के बाद उंगलियां चाटेंगे ही आपके मेहमान भी खाएंगे तो आपसे बार-बार इसकी रेसिपी पूछेंगे. अब देरी मत कीजिए फटाफट टमाटर का हलवा बना डालिए.
टमाटर का हलवा बनाने के लिए सामग्री
1. टमाटर
2. चीनी
3. घी
4. किशमिश
5. हरी इलायची
6. लौंग
7. केसर और गुलाब जल
8. बारीक कटे काजू, बादाम और किशमिश
9. तुलसी पत्ते
टमाटर का हलवा बनाने की विधि
सबसे पहले पके हुए लाल-लाल टमाटर लें. टमाटर जितने पके और रसीले होंगे इसका हलवा उतना ही टेस्टी बनेगा. अब टमाटर को पानी में अच्छी तरह से धो लें. इसके बाद चूल्हा या गैस जलाएं और उसपर किसी बर्तन में गर्म होने के लिए पानी चढ़ाएं. अब टमाटर को ऊपर से हल्का सा चीरा लगा दें और गर्म पानी में डालकर दो से तीन मिनट तक इसे उबालें. इसके बाद गैस को बंद कर दें. उबले टमाटर के ऊपर से छिलका हटा दें और टमाटरों को बारिक काट लें या मिक्सर में हल्का सा पीस लें. इसके बाद कड़ाही या पैन में देसी घी को गर्म करें. इसमें पिसे हुए या कटे हुए टमाटर को डालें. अब गैस की आंच मीडियम करके इस टमाटर को घी में अच्छी तरह से भूनें. शुरू में टमाटर थोड़ा पानी छोड़ेगा लेकिन बाद में टमाटर का पानी सूखने लगेगा. टमाटर खदक-खदकर गाढ़ा होने लगेगा.
यह जब गाढ़ा हो जाए तो इसमें स्वादानुसार चीनी डालें. अब चीनी और टमाटर को अच्छी तरह से मिक्स कर लें. चीनी के गलने के बाद टमाटर फिर से थोड़ा ढीला हो जाएगा. टमाटर और चीनी मिले मिश्रण को लगातार चलाते रहें. अब इसमें इलायची पाउडर डालें. इसके बाद थोड़ा सा केसर या गुलाब जल मिला दें. अब इस हलवे को तब तक चलाएं जब तक वह कड़ाही के किनारे छोड़ने न लगे और घी ऊपर न दिखने लगे. इसके बाद अंत में कटे हुए काजू, बादाम और किशमिश डालें और हलवे को अच्छे से मिला लें. इस तरह से टमाटर का हलवा बनकर तैयार है. इसमें आप ऊपर से तुलसी के पत्ते और घी भी मिला सकते हैं. आप इसमें ऊपर से ड्राई फ्रूट्स भी डाल सकते हैं. अब इस टमाटर के हलवे को गर्म-गर्म खाएं या मेहमानों को परोसें. आपको मालूम हो कि टमाटर की हल्की खटास और चीनी की मिठास मिलकर हलवे का एक ऐसा फ्लेवर बनाती है, जो न ज्यादा मीठा लगता है और न ही भारी.