curry leaves
curry leaves
करी पत्ता भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है. इसकी खुशबू और स्वाद खाने का जायका कई गुना बढ़ा देते हैं. सांभर, दाल, पोहा, चावल, चटनी और कई तरह की करी में इसका इस्तेमाल खास तौर पर तड़के के लिए किया जाता है. कई लोग घर में ही करी पत्ते का पौधा लगाते हैं, लेकिन जिनके पास पौधा नहीं होता वे बाजार से इसे खरीदकर लाते हैं. अक्सर ज्यादा मात्रा में खरीदने के बाद इसे सही तरीके से स्टोर न करने पर पत्ते जल्दी सूख जाते हैं या काले पड़ने लगते हैं. ऐसे में अगर कुछ आसान तरीकों को अपनाया जाए तो करी पत्ते लंबे समय तक हरे और फ्रेश बने रह सकते हैं.
फ्रिज में ऐसे करें स्टोर
अगर आप करी पत्ते को फ्रिज में रखना चाहते हैं तो सबसे पहले इन्हें अच्छी तरह पानी से धो लें. इसके बाद पीले और सूखे पत्तों को अलग कर दें. अब एक एयरटाइट डिब्बा या ज़िप लॉक बैग लें. उसमें पहले टिश्यू पेपर बिछाएं और फिर करी पत्तों की एक परत रखें. इसके ऊपर फिर टिश्यू पेपर लगाएं. इस तरीके से नमी कंट्रोल में रहती है और पत्ते जल्दी खराब नहीं होते. इस तरह स्टोर करने से करी पत्ते लगभग 2 से 3 हफ्ते तक ताजा रह सकते हैं.
नमी हटाना है बेहद जरूरी
करी पत्तों को धोने के बाद उन्हें तुरंत फ्रिज में नहीं रखना चाहिए. पहले किसी साफ कपड़े या टिश्यू से अच्छी तरह सुखा लें. चाहें तो कुछ देर हवा में फैला कर भी रख सकते हैं ताकि अतिरिक्त पानी सूख जाए. अगर पत्तों में नमी रह जाती है तो वे जल्दी गलने लगते हैं. पूरी तरह सूखने के बाद ही इन्हें एयरटाइट कंटेनर में रखें.
लंबे समय तक रखने के लिए फ्रीजर का करें इस्तेमाल
अगर आप करी पत्तों को कई महीनों तक सुरक्षित रखना चाहते हैं तो फ्रीजर सबसे अच्छा विकल्प है. इसके लिए पत्तों को धोकर पूरी तरह सुखा लें और छोटे-छोटे पैकेट बना लें. अब इन्हें एयरटाइट बैग में भरकर फ्रीजर में रख दें. इस तरीके से करी पत्ते 2 से 3 महीने तक इस्तेमाल किए जा सकते हैं.
पाउडर बनाकर भी कर सकते हैं इस्तेमाल
करी पत्तों को धूप में अच्छी तरह सुखाकर उनका पाउडर भी बनाया जा सकता है. सूखने के बाद इन्हें मिक्सी में पीस लें और एयरटाइट जार में भरकर रख दें. यह पाउडर सांभर, ग्रेवी, फ्राइड राइस और चटनी में स्वाद बढ़ाने का काम करता है. सूखा पाउडर करीब 6 महीने तक सुरक्षित रह सकता है.
ये भी पढ़ें: