scorecardresearch

Flour store tips: आटे के आसपास भी नहीं फटकेंगे घुन-कीड़े, करें ये 4 उपाय... सालभर खराब नहीं होगा आटा

कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आटे को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है. तो चलिए आपको बताते हैं आटे को स्टोर करने के सही तरीके के बारे में.

How to store flour to prevent weevils How to store flour to prevent weevils

गेहूं का आटा लगभग हर भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है. रोजाना रोटी, पराठा, चिला, पूड़ी और हलवा जैसे कई व्यंजन बनाने में इसका इस्तेमाल होता है. यही वजह है कि कई लोग आटा एक साथ ज्यादा मात्रा में खरीदकर स्टोर कर लेते हैं. इससे पैसे की बचत तो होती है, लेकिन सही तरीके से स्टोर न करने पर आटे में घुन और कीड़े लगने का खतरा बढ़ जाता है. खासतौर पर बरसात के मौसम में यह समस्या अधिक देखने को मिलती है. हालांकि कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आटे को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है. तो चलिए आपको बताते हैं आटे को स्टोर करने के सही तरीके के बारे में.

सबसे पहले कर लें ये काम
आटे को स्टोर करने से पहले सबसे पहले कंटेनर को अच्छी तरह साफ और पूरी तरह सूखा लें. डिब्बे में जरा सी भी नमी या गंदगी होने पर घुन और कीड़े जल्दी लग सकते हैं. इसके बाद आटे को एक बार चलनी से छान लें. इससे आटा साफ हो जाता है और लंबे समय तक सुरक्षित रहने में मदद मिलती है.

इन मसालों से दूर रहेंगे घुन और कीड़े
कुछ मसालों की तेज खुशबू घुन और कीड़ों को पसंद नहीं होती. इसलिए आटे के डिब्बे में कुछ तेजपत्ते, लौंग या लहसुन की कलियां थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रख दें. इसके अलावा एक छोटी कपड़े की पोटली में नमक बांधकर भी डिब्बे में रखा जा सकता है. ये आसान उपाय आटे को कीड़ों से बचाने में मददगार माने जाते हैं.

लंबे समय तक स्टोर करने का तरीका
अगर आप आटा कई महीनों तक सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो डिब्बे में सूखी नीम की पत्तियां रख सकते हैं. कुछ लोग पारद टिकड़ी, जिसे मुग्ध रस भी कहा जाता है, का भी इस्तेमाल करते हैं. हालांकि यह ध्यान रखें कि ऐसी किसी भी चीज का आटे के सीधे संपर्क में आना उचित नहीं है. इसलिए इन्हें अलग सुरक्षित तरीके से रखने और उपयोग से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर माना जाता है.

आटे में घुन लग जाए तो क्या करें
अगर आटे में पहले से घुन या कीड़े लग गए हैं, तो सबसे सुरक्षित उपाय है कि प्रभावित आटे का उपयोग न करें. कुछ घरेलू नुस्खों में नीम, लहसुन, काली मिर्च और लौंग का पेस्ट बनाकर उसकी सूखी गोलियां आटे के पास रखने की सलाह दी जाती है. माना जाता है कि इसकी तेज गंध से कीड़े दूर हो जाते हैं. हालांकि यदि आटा ज्यादा संक्रमित हो चुका हो, तो उसे फेंक देना ही स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित विकल्प है.

ये भी पढ़ें: