scorecardresearch

प्लाजा पर टोल कटने की जगह, उलटा फास्टैग होगा क्रेडिट.. जानें इस खास स्कीम के बारे में

सरकार की पहल के तहत टोल प्लाजा पर गंदे टॉयलेट की फोटो ऐप पर साझा करने से ₹1000 का फास्टैग रिचार्ज मिल रहा है.

Toll Plaza Toll Plaza

सफर के दौरान टोल प्लाजा पर गंदगी और खासकर गंदे टॉयलेट यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन जाते हैं. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने एक नई पहल शुरू की है, जिसका नाम ‘Clean Toilet Picture Challenge’ रखा गया है. इस योजना के तहत अब कोई भी यात्री या ड्राइवर टोल प्लाजा पर गंदे टॉयलेट की फोटो लेकर उसे 'Rajmargyatra' ऐप पर अपलोड कर सकता है और इसके बदले में इनाम के तौर पर ₹1000 का फास्टैग क्रेडिट पा सकता है.

कैसे काम करती है स्कीम
इस योजना का लाभ उठाना बेहद आसान है. अगर आपको किसी टोल प्लाजा पर गंदा टॉयलेट दिखाई देता है, तो उसकी साफ फोटो खींचें और ऐप के जरिए अपलोड करें. सरकार ने साफ कहा है कि यह पूरी तरह से असली और वैध रिवार्ड प्रोग्राम है, जिसका मकसद लोगों की भागीदारी बढ़ाना है. इस अभियान की समय सीमा को बढ़ाकर 30 जून तक कर दिया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें शामिल हो सकें.

इनाम पाने की प्रक्रिया
आपके द्वारा अपलोड की गई फोटो की जांच की जाएगी. यदि शिकायत सही पाई जाती है, तो ₹1000 का फास्टैग क्रेडिट सीधे आपके वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर से जुड़े फास्टैग अकाउंट में जोड़ दिया जाएगा. यह क्रेडिट आप टोल टैक्स भुगतान के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. आमतौर पर यह राशि वेरिफिकेशन के बाद 5 दिनों के भीतर आपके अकाउंट में ट्रांसफर कर दी जाती है.

योजना का मकसद
इस पहल का मुख्य मकसद देशभर के टोल प्लाजा पर साफ-सफाई के स्तर को बेहतर बनाना है. सरकार चाहती है कि यात्री सिर्फ शिकायत न करें, बल्कि एक्टिव रूप से इस अभियान का हिस्सा बनें. इससे टोल प्लाजा पर सुविधाएं सुधरेंगी और यात्रियों को साफ-सुथरा वातावरण मिलेगा, जिससे उनका सफर और अधिक आरामदायक बन सकेगा.